भोपाल,

हमले की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों आरोपी समेत अन्य दो बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया है। 

एएसआई वासुदेव सविता ने बताया कि सचिन अहिरे (23) आईएसबीटी के पास झुग्गी बस्ती में रहता है और अहाते में काम करता है। उसके मोहल्ले में विशाल महाजन पिता युवराज महाजन (23) भी रहता है। सचिन और विशाल में अच्छी दोस्ती है। विशाल भी अहाते में काम करता है। सचिन अहिरे ने पुलिस को शिकायत करते हुए बताया कि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब पौने एक बजे के आसपास की बात है। वह और विशाल आईएसबीटी और अन्ना नगर के नाले के बीच में ख?? थे। इस दौरान विशाल सड़क किनारे पेशाब कर रहा था, तभी वहां सुभम, गौरव अभिषेक ठाकुर और दो अन्य नाबालिग पहुंचे थे। सभी ने विशाल से गालीगलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे।

विशाल ने किसी तरह खुद को बचाने का प्रयास किया और भागने लगा तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और पेट में चाकू से हमला कर दिया। पेट पर चाकू लगने से विशाल बेसुध होकर गिर गया तो आरोपी मौके से भाग निकले। सचिन अपने दोस्त विशाल को हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचा था। वहां विशाल का इलाज चल रहा है। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने विशाल से बातचीत करनी चाही, लेकिन विशाल को गंभीर चोट थी और वह बात नहीं कर सका। लिहाजा पुलिस ने सचिन अहिरे की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एएसआई सविता ने बताया कि अभिषेक ठाकुर टीटी नगर इलाके में रहता है और उस पर पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज है।