भोपाल,

भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) ने अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए एक नई कवायद शुरू की है। इसके तहत शहर में पीपीपी मोड पर 100 नए बस स्टॉप बनाए जा रहे हैं। इन बस स्टॉप पर टिकट वेंडिंग मशीन के साथ कियोस्क भी होंगे, जिससे यात्रियों को टिकट के साथ दूध, चाय, कॉफी व अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध होंगे।

अधिकारियों के अनुसार इन बस स्टॉप को बनाने में 10 करोड़ रुपये से करेगी। इसमें बीसीएलएल को कोई पैसा नहीं देना होगा। अनुबंध के तहतनिजी कंपनी इन बस स्टॉप को बनाने के साथ इसकी देखरेख का जिम्मा भी उठाएगी। 10 साल के लिए बस स्टॉप कंपनी को दिया जाएगा, इसके बाद इन्हें बीसीएलएल को सौंप दिया जाएगा। वहीं बस स्टॉप में बनाए गए कियोस्क को किराए पर लोगों को संचालन के लिए दिया जाएगा। भले ही नगर निगम और बीसीएलएल ने इसे कियोस्क नाम दिया हो, लेकिन यह एक गुमटी नुमा दुकान होगी। नगर निगम की होल्डिंग कंपनी भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड सीएलएल) द्वारा इन गुमटियों को बनाने की इजाजत दी गई है। ये गुमठियां स्थायी होंगी। यानी नगर निगम का अतिक्रमण अमला इन्हें हटा नहीं सकेगा। इससे 100 से अधिक लोगों को रोजगार भी मिलेगा।

हर माह बीसीएलएल को होगी दो लाख रुपये की कमाई

बस स्टाप में बनाए जाने वाले कियोस्क संबंधित कंपनी लोगों को किराए पर देगी, इससे कमाई होगी। साथ ही बस स्टॉप पर विज्ञापन लगाने का खर्च भी संबंधित ही वसूलेगी। हालाकि हर माह कंपनी को प्रति बस स्टाप दो हजार रुपये देने होंगे। ऐसे में 100 बस स्टापों पर बीसीएलएल को हर माह दो लाख रुपये की कमाई होने का अनुमान है।

इनका कहना है

पीपीपी मोड पर 100 से अधिक बस स्टॉप का निर्माण किया जा रहा है। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए कियोस्क भी बनाए जा रहे हैं। यहां यात्रियों को टिकट के साथ दूध, चाय, कॉफी व अन्य खाने पीने की सामग्री उपलब्ध रहेगी।

पवन सिंह, अपर आयुक्त, नगर निगम भोपाल.