Bhopal News: भोपाल के हमीदिया हॉस्पिटल के 500 कर्मचारी हड़ताल पर, 4 महीने से नहीं मिला वेतन


Image Credit : X

Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल हमीदिया के कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी है। 500 से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी पिछले चार माह से वेतन न मिलने से परेशान हैं। इसी के चलते सभी ने काम करना बंद कर दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह बिना वेतन के काम नहीं करेंगे।

मंगलवार की सुबह से ही अस्पताल में सफाई व अन्य ऑपरेशन नहीं होने से भर्ती मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों के परिजनों को व्हील चेयर और स्ट्रेचर खुद ही धकेलना पड़ रहा है। साथ ही तकनीशियनों की हड़ताल के कारण पर्चा बनवाना भी मुश्किल हो गया है। अस्पताल के बाहर सैकड़ों कर्मचारी धरने पर बैठे हैं।

हमीदिया अस्पताल में लगभग 800 सफाई कर्मचारी और वार्ड कर्मचारी काम करते हैं। इसमें आउटसोर्स कर्मचारी भी शामिल हैं, कर्मचारियों को पिछले चार महीने से वेतन नहीं मिला है, इसलिए उन्होंने हड़ताल शुरू कर दी है। 

कर्मचारियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने से घर चलाना मुश्किल हो रहा है। वे मकान का किराया देने में असमर्थ हैं। स्कूल की फीस जमा न होने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। चार माह से वेतन नहीं मिलने से कर्मचारी नाराज हैं।

सफाईकर्मियों का कहना है कि वे जिस विभाग में काम करते हैं, उसी विभाग से उन्हें वेतन मिलना चाहिए। लेकिन अभी तक कंपनी या विभाग की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया है, इसलिए चार महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने हड़ताल करने जैसा कदम उठाया।