Bhopal News: नेहरू नगर बालिका गृह से चार नाबालिग लड़कियां लापता, पुलिस ने किया 5 सदस्यीय टीम का गठन


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

शिकायत के बाद पुलिस ने लड़कियों की तलाश के लिए थाना स्तर पर पांच सदस्यीय टीम का गठन किया है..!!

राजधानी भोपाल के एक बालिका गृह से चार नाबालिग लड़कियां लापता हो गईं। इसके ख़िलाफ़ भोपाल के कमला नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। बालिका गृह की अधीक्षिका आकांक्षा सिंह तोमर की शिकायत पर दर्ज FIR में लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने का जिक्र है। यह मामला कमला नगर इलाके के बालिका गृह का है। नाबालिग लड़कियों के गायब होने से बालिका गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

आपको बता दें कि इससे पहले भी नेहरू नगर बालिका गृह से लड़कियों के गायब होने की खबरें आती रही हैं। फिलहाल पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (BNS) की नई दंड संहिता की धारा 137 (2) के तहत FIR दर्ज कर ली है। इसके साथ ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

नेहरू नगर बालिका गृह से चार नाबालिग लड़कियों के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद कमला नगर पुलिस हरकत में है। बालिका गृह से गायब लड़कियों का पता लगाने के लिए पुलिस ने थाना स्तर पर पांच सदस्यीय टीम का गठन किया है। इसके साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगालने में जुटी है।

इसके अलावा लापता लड़कियों के परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है। आपको बता दें कि नेहरू नगर बालिका गृह में कई खामियां हैं, जिसके कारण हमेशा यहां से नाबालिग लड़कियों के भागने का डर बना रहता है। इससे पहले भी पुलिस ने बालिका गृह में सुधार के लिए सुझाव दिये थे।

कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे ने कहा, ''हमें पूरे मामले की जानकारी सोमवार को मिली.।बालिका गृह की ओर से कहा गया कि चार नाबालिग लड़कियां हॉस्टल की खिड़की तोड़कर भाग गईं। इसके आधार पर बालिका गृह के संरक्षक ने पुलिस को सूचना दी और इसके लिए हमने थाने में एक टीम बनाई है, जो लगातार लड़कियों की तलाश कर रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया जानकारी मिली है कि छात्राएं अपनी मर्जी से हॉस्टल छोड़ कर गयी हैं। इसके पीछे कौन हो सकता है और लड़कियां किसके कहने पर गई थीं, इसकी भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले दूसरे थाने से एक टीम गठित कर उनके द्वारा कन्या गृह की कमियों को बताया गया था। जिसके बाद कन्या गृह ने कहा कि फंड मिलते ही वे सुधार करेंगे।