भोपाल : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में जनभावनाओं का फायदा उठाकर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण रोकने के लिए अधिकारियों ने पिछले सप्ताह अलग-अलग जगहों पर भगवान हनुमान और भीमराव अंबेडकर की मूर्तियां जब्त की।
मांगरोल में अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई थी। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और तनाव की स्थिति पैदा हुयी। उन्होंने दलित कार्यकर्ताओं पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार को अंबेडकर की मूर्ति के लिए जमीन आवंटित करनी चाहिए ताकि लोग उनसे प्रेरणा ले सकें। मूर्ति को जब्त कर लिया गया है और जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता तब तक 10 पुलिसकर्मियों को जमीन की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है।
भीम आर्मी के नेता विनय रत्न ने कहा कि अंबेडकर ने दलितों को उनके अधिकारों के लिए लड़ना सिखाया और उनकी प्रतिमा उन ग्रामीणों को प्रेरित करेगी, जो भेदभाव का सामना कर रहे हैं और उच्च जाति द्वारा दमन के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत नहीं है। “राज्य सरकार को हमें जमीन आवंटित करनी चाहिए। नहीं तो हम अपना विरोध तेज करेंगे।"
स्थानीय निवासी रमेश शर्मा ने कहा कि कुछ बाहरी लोग सदियों पुराने धार्मिक स्थल के पास मूर्ति स्थापित करके तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे थे। "वे सरकारी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं और हम भावनाओं के इस दुरुपयोग की अनुमति नहीं देंगे।"
इधर भगवान हनुमान की मूर्ति को शनिवार को तब जब्त कर लिया गया जब सेहराना गांव के निवासियों ने पुलिस को सूचित किया कि कुछ लोगों ने मंदिर बनाने के लिए सरकारी भूमि पर कब्जा कर लिया है। साधुओं ने थाने के बाहर धरना दिया। हिंदू संगठन भी साधुओं के समर्थन में आए और कहा कि अगर पुलिस मूर्ति वापस नहीं करती है, तो वे जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
हिंदू जागरण मंच के नेता देवेंद्र मुद्गल ने कहा, "पुलिस ने हमारे भगवान का अपमान किया है। हमने पुलिस से मूर्ति वापस करने का अनुरोध किया है। नहीं तो हम सड़कों पर उतरेंगे।"
पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह ने कहा कि उन्होंने मूर्ति को जब्त कर लिया क्योंकि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करना अवैध है।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट नरोत्तम भार्गव ने कहा कि उन्हें भावनाओं के नाम पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही हैं। हम अतिक्रमण रोकने के लिए कार्रवाई कर रहे हैं।