भोपाल,

ई-गवर्नेंस सोसाइटी भोपाल के अंतर्गत स्थापित ई-दक्ष केंद्र को अब गैर सरकारी लोगों के लिए भी खोल दिया गया है। अब तक यहां सिर्फ सरकारी कर्मचारियों के लिए ही प्रशिक्षण की व्यवस्था थी यानी अब सरकारी नौकरी तैयारी कर रहे उम्मीदवार कम फीस में इस सीपीसीटी परीक्षा की बेहतर तैयारी कर सकेंगे। प्रशिक्षण की कुल अवधि 45 घंटे कंप्यूटर थ्योरी एवं प्रैक्टिकल होगी। बता दें कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा विभिन्न शासकीय पदों के लिए सीपीसीटी सर्टिफिकेट अनिवार्य किया गया है। ऐसे में सीपीसीटी सर्टिफिकेट कोर्स की मांग में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इस सर्टिफिकेट के लिए सीपीसीटी परीक्षा का आयोजन किया जाता है। 

यहां करना होगा आवेदन:

सीपीसीटी के लिए अल्प अवधि प्रशिक्षण कोर्स कार्यालय कलेक्टर जिला ई-गवर्नेंस सोसाइटी भोपाल के अंतर्गत स्थापित ई-दक्ष केंद्र में आयोजित किया जा रहा है। आवेदन आवेदन ई-दक्ष केंद्र भोपाल, कोलार नगर पालिका भवन, द्वितीय तल, डी-मार्ट के पीछे, कोलार रोड में कार्य दिवसों में सुबह 10 से शाम 05 बजे तक कर सकेंगे।

शैक्षणिक योग्यता 

12वीं: प्रशिक्षण हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12 है। प्रशिक्षण के लिए शासन द्वारा निर्धारित शुल्क रु1000/- आवेदक द्वारा जमा किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में पासपोर्ट साइज फोटो, फोटो युक्त पहचान पत्र की छायाप्रति अनिवार्य होगें।

ऐसे मिलेगा प्रशिक्षण

शासन द्वारा स्थापित ई-दक्ष केंद्र आधुनिक कंप्यूटर से युक्त है, जिसमें कंप्यूटर और टाइपिंग के अलावा आईटी संबंधी परीक्षा उपयोगी महत्वपूर्ण जानकारियां सैद्धांतिक और प्रायोगिक तौर पर प्रशिक्षकों द्वारा बताई जाएगी। 

प्रशिक्षण के दौरान कंप्यूटर संबंधी समस्त आवश्यक जानकारियां जैसे आधारभूत ज्ञान, इंटरनेट और ई-मेल, एडवांस एम एस ऑफिस, डेटाबेस, आदि महत्वपूर्ण विषय पढ़ाये जायेंगे। इन्टरनेट कनेक्टिविटी की उपलब्धता वाले ई-दक्ष प्रशिक्षण केंद्र में परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए प्रैक्टिस टेस्ट भी करवाए जायेंगे। इसके अलावा केंद्र में हिंदी और अंग्रेजी टाइपिंग भी बहुत सरल और साधारण तरीके से सिखाई जाएगी।