टीटी नगर पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर लिव-इन पार्टनर के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी करीब छह माह से शादी का प्रलोभन देकर युवती से बलात्कार कर रहा था। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से बुरहानपुर निवासी 26 वर्षीय युवती यहां दस नंबर स्टॉप के पास एक कपड़े की दुकान पर काम करती थी। कपड़े की दुकान पर नजदीक के अमन कैफे से चाय आती थी। उसी दौरान कैफे संचालक अमन शर्मा से युवती का जान पहचान हो गई पहचान दोस्ती में बदली और फिर दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। उसी दौरान अमन शर्मा शादी करने का प्रलोभन देकर युवती के साथ लिव-इन में पंचशील नगर में किराए के कमरे में रहने लगा। लिव-इन में रहने के दौरान ही उसने युवती का शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया। विरोध
करने पर वह जल्द ही शादी का झांसा देकर युवती का खामोश कर देता था। लंबा अरसा गुजर जाने के बाद युवती को कथित प्रेमी की नीयत पर संदेह होने लगा। संदेह होने पर उसने शादी का दबाव बनाना शुरू किया तो अमन शर्मा ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। आरोपी प्रेमी को सबक सिखाने के लिए पीड़ित युवती ने टीटी नगर थाने जाकर बलात्कार का प्रकरण दर्ज करा दिया। पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।