प्रदेश की राजधानी भोपााल में खुफिया एजेंसी ने आतंकियों के बड़े माड्यूल को ध्वस्त किया है। आतंकी पुराने शहर में ऐशबाग थाने से 200 मीटर की दूरी पर फातिमा मस्जिद के पास बिल्डिंग में किराए का घर लेकर रह रहे थे। खुफिया एजेंसी ने आपरेशन चलाकर छह आतंकियों को गिरफ्तार किया। इस बिल्डिंग से कई बोरी धार्मिक साहित्य, दर्जन भर से ज्यादा लैपटाप जब्त किए गए हैं। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार भी जब्त किए गए हैं। इस आपरेशन के साथ ही एक और छापा शहर के बाहर करौंद इलाके में भी मारा गया, वहां से लोकल माड्यूल के आतंकियों के गिरफ्तार होने की सूचना है। खुफिया एजेंसी गिरफ्तार आतंकियों को अज्ञात स्थान पर लेकर पूछताछ कर रही है।गिरफ्तारी के बाद घर को सील कर दिया गया है।

मौके से लाइव

नवदुनिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक मीडिया टीम के बृजेंद्र ऋषीश्वर और अबरार खान जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें पड़ोसी किराएदार शइद ने बताया कि देर रात 3 बजे 50 से 60 पुलिसकर्मी आए और गोली मारकर दरवाजे का ताला तोड़ दिया। गिरफ्तारी के बाद उस कमरे को पूरी तरह से सील कर दिया गया है, किसी को भी वहां जाने की इजाजत नहीं है। पड़ोसी का कहना है कि करीब तीन महीने से दो लोग यहां किराए पर रह रहे थे|

आपरेशन को पूरी तरह गोपनीय रखा गया

खुफिया एजेंसी ने आतंकियों को पकड़ने के आपरेशन को पूरी तरह गोपनीय रखा। स्थानीय थाने को भी इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। बिल्डिंग में सभी किराएदार परिवार रहते हैं, नीचे वाले मकान का किराएदार भी गायब है। पूरी गली में दहशत का माहौल है कोई कुछ बताने को तैयार नहीं है। बस सिर्फ इतना कहना है कि यह बिल्डिंग 70 साल की नायाब जहां की है।