छोला मंदिर थाना क्षेत्र स्थित गरीब नगर में एक युवती को बंधक बनाकर उसे 24 घंटे साथ रखकर धमकाने का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि आरोपी उसे जबरन घर से ले गया था और उसे बंधक बनाकर रखा। हालांकि युवती ने किसी तरह की गंदी हरकत करने से इंकार किया है। पुलिस ने उक्त मामले में दो लोगों पर मामला दर्ज किया है। 

पुलिस के अनुसार 18 साल की युवती इलाके में रहती है। इसी इलाके में रहने वाले आशीष की युवती से पहचान है। पीड़िता का कहना है कि आशीष गत 12 मार्च की रात उसे जबरन अपने साथ शुभम उर्फ हनुमान के घर ले गया था। घटना के समय शुभम मोबाइल की दुकान पर था। शुभम मोबाइल की दुकान पर काम करता है। युवती को 13 मार्च की रात छोड़ा गया। युवती के परिजन ने 24 घंटे से बाहर रहने के बारे में पूछा तो उसने घटना की जानकारी परिजन को दी थी।

पुलिस का कहना है कि युवती पूर्व में आशीष के खिलाफ बलात्कार की शिकायत कर चुकी है और कोर्ट में बयान में वह बदल गई थी। पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है, लेकिन महिला संबंधी अपराध होने के कारण पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आशीष को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शुभम की गिरफ्तारी शेष है।