भोपाल. विश्व पर्यटन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने लंबी छलांग लगाई है। राजधानी भोपाल को वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म इंडिया अवार्ड की मेजबानी मिली है। लंदन के बाद एमपी यह उपलब्धि पाने वाला देश का पहला राज्य है। इंटरनेशनल सेंटर फॉर रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म यूके के लिए यहां रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म पर एक अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी भी की जाएगी। राज्य के पर्यटन और संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव एवं एमपी टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी और अवॉर्ड का आयोजन 30 अगस्त से 10 सितंबर तक किया जाएगा। इसके अंतर्गत इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, फ्रांस आदि देशों के प्रतिनिधियों वाली एक आईसीआरटी टीम मध्यप्रदेश आएगी.
टीम का नेतृत्व आईसीआरटी के संस्थापक निदेशक और रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म पार्टनशिप के एमडी डॉ हेरोल्ड गुडविन करेंगे। यह टीम प्रदेश के विभिन्न टूरिस्ट प्लेस का दौरा करेगी। समृद्ध विरासत स्थलों और ग्रामीण पर्यटन के तहत विकसित गांवों में जाकर भी अवलोकन करेगी। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न शहरों में ग्राम स्टे, पारंपरिक व्यंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी शिरकत करेगी। यह टीम मंडला एवं ओरछा भी जाएगी। 5 सितंबर से 10 सितंबर तक कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर के प्रांगण में कला एवं शिल्प प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।
इंटरनेशनल सेंटर फॉर रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म प्रबुद्धजनों का नेटवर्क है जो केपटाउन घोषणा का समर्थन करते हैं। इसमें कई सहयोगी संगठन और संबद्ध केंद्र हैं। नेटवर्क के सभी सदस्य रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म की अवधारणा को विकसित करने और बढ़ावा देने का प्रयास करते है। इंटरनेशनल सेंटर फॉर रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म द्वारा सन 2004 से वर्ल्ड रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म अवार्ड की शुरुआत की गई थी। यह अवार्ड विभिन्न 10 श्रेणियों में दिया जाता है। यह कार्यक्रम पहली बार लंदन से बाहर और भारत में मध्यप्रदेश के भोपाल में आयोजित किया जा रहा है।
यह है कार्यक्रम
30 और 31 अगस्त 2022 को टीम बटेश्वर मितावली पड़ावली और ग्वालियर का दौरा करेगी।
1 और 2 सितंबर को ओरछा राधापुर और लाडपुराखास का दौरा करेगी।
3 और 4 सितंबर को खजुराहो मंडला धमना बसाटा का दौरा करेगी।
6 सितंबर को भोपाल में कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर आईसीआरटी वर्कशॉप का आयोजन।
7 सितंबर 2022 को वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म डब्ल्यूटीएम इंडिया अवार्ड कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर भोपाल में आयोजित किया जाएगा।
8 व 9 सितंबर को टीम मढ़ई और पचमढ़ी सहित कुछ गांवों का भी दौरा करेगी।