अरुणाचल प्रदेश में चीन सीमा के पास बड़ा हादसा हुआ है। अरुणाचल के कुरूंग में नजदीक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई है और 18 अन्य मजदूर लापता हैं। आशंका जताई जा रही है कि ये मजदूर कुमी नदी की बाढ़ में बह गए हैं। सभी एक रोड प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे और  5 जुलाई के बाद से लापता थे। 

चीन की सरहद के पास कुरुंग के अंदरूनी इलाके दामिन में एक सड़क परियोजना पर काम कराने के लिए मजदूरों को लाया गया था। अधिकारियों के मुताबिक़ 5 जुलाई के बाद से 19 मजदूर लापता हैं।  इनमें से ज्यादातर असम के रहने वाले हैं। सड़क परियोजना पर काम  सड़क सीमा संगठन (बीआरओ) की निगरानी में काम किया जा रहा है। 

एक पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि मजदूरों ने ठेकेदार से ईद का त्योहार मनाने के लिए छुट्टी मांगी थी लेकिन ठेकेदार द्वारा छुट्टी न दिए जाने के बाद ये मजदूर पैदल ही निकल गए थे। स्थानीय रिपोर्ट्स में आशंका जताई जा रही है कि ये मजदूर कुमी नदी की बाढ़ में बह गए हैं। 

इन दिनों पूर्वोत्तर के कई इलाके बारिश और बाढ़ से प्रभावित हैं। महीने के शुरू में अरुणाचल के कुरुंग कुमे जिले में रणनीतिक रूप से दो अहम स्थानों को जोड़ने वाला एक पुल बाढ़ में बह गया था। मज़दूरों की तलाश के लिए प्रशासन की टीमें जुटी हुईं हैं।