वेस्टइंडीज के स्टार खिलाड़ी किरॉन पोलार्ड ने आईपीएल को अलविदा कह दिया है। मंगलवार 15 नवंबर को किरॉन पोलार्ड ने संन्यास की घोषणा की, और अब वह मुंबई इंडियंस के साथ एक नई भूमिका में नजर आएंगे।
इंडियन प्रीमियर लीग IPL की रिटेंशन लिस्ट बाहर होने से पहले ही बड़ा धमाका हुआ है। IPL के सबसे बड़े खिलाड़ियों में से एक किरॉन पोलार्ड ने टूर्नामेंट से संन्यास की घोषणा कर दी है, जिसका अर्थ है कि वह अब IPL में नहीं खेलेंगे। मुंबई इंडियंस के लिए 13 साल तक खेलने वाले किरॉन पोलार्ड अब टीम के लिए नई भूमिका निभाते दिखाई देंगे। पोलार्ड अब मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच बन गए हैं।
किरॉन पोलार्ड ने अपने ट्विटर हेंडल पर संन्यास की घोषणा की है। किरॉन पोलार्ड का कहना है कि यह मेरे लिए आसान फैसला नहीं रहा है, लेकिन मुंबई इंडियंस के साथ लंबी चर्चा के बाद मैं इस नतीजे पर पहुंचा हूं कि मैं अब IPL में नहीं खेलूंगा। अगर मैं मुंबई इंडियंस के साथ नहीं खेल सकता तो मैं किसी के साथ नहीं खेलूंगा।
किरॉन पोलार्ड ने लिखा कि मुंबई इंडियंस ने बहुत कुछ हासिल किया है और अब बदलाव के दौर से गुजर रही है। यह भावनात्मक विदाई नहीं है क्योंकि मैंने मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच का पद स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही वह मुंबई एमिरेट्स के साथ भी खेलते नजर आएंगे। किरॉन पोलार्ड IPL में एक अनुभवी खिलाड़ी के रूप में नजर आते हैं, वह शुरू से ही मुंबई इंडियंस से जुड़े रहे हैं। किरॉन पोलार्ड ने साल 2010 में दिल्ली की टीम के खिलाफ डेब्यू किया था, वहीं साल 2022 में उन्होंने अपना आखिरी आईपीएल मैच कोलकाता की टीम के खिलाफ खेला था।
IPL रिकॉर्ड को देखें तो उन्होंने कुल 189 आईपीएल मैच खेले, जिसमें उन्होंने 16 अर्धशतकों सहित 3412 रन बनाए। पोलार्ड के नाम IPL में कुल 223 छक्के हैं, वहीं उन्होंने गेंदबाजी से भी कमाल किया है और कुल 69 विकेट लिए हैं। यही वजह है कि किरॉन पोलार्ड की गिनती IPL के बेहतरीन ऑलराउंडर्स में होती है।
कभी अपने बल्ले से तो कभी गेंद और शानदार फील्डिंग से मैच को पलटने की काबिलियत रखने वाले किरॉन पोलार्ड ने हमेशा दर्शकों का दिल जीता. मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए किरॉन पोलार्ड 2013, 2015, 2017, 2019, 2020 की चैंपियन टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा, वह उस टीम का हिस्सा थे जिसने 2011 और 2013 में चैंपियंस लीग जीती थी।
किरॉन पोलार्ड आईपीएल फाइनल के बादशाह रहे थे।
• 2010 फाइनल - 10 गेंदों पर 27 रन
• 2013 फाइनल - 32 गेंदों में 60 रन
• 2015 फाइनल - 18 गेंदों में 36 रन
• 2019 फाइनल - 25 गेंदों में 41 रन