भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच टी-20 इंटरनेशनल मैच की सीरीज का आगाज गुरुवार से होने जा रहा है। सीरीज के पहले मुकाबले से पहले ही टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान केएल राहुल चोटिल होने के कारण टी-20 सीरीज के पहले मैच से बाहर हो गए हैं। अब भारतीय टीम की अगुवाई ऋषभ पंत करेंगे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस सीरीज में टीम इंडिया के कई सीनियर खिलाड़ियों को रेस्ट दिया गया है। ऐसे में केएल राहुल चोटिल होना टीम इंडिया के लिए शुभ संकेत नहीं माना जा रहा है। केएल राहुल आईपीएल में जबर्दस्त फॉर्म में थे। भारतीय खेमे के लिए चिंता की बात यह भी है कि ऋषभ पंत आईपीएल में बिलकुल भी रंग में नहीं दिखे थे।
वहीं दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में सीरीज का पहला मुकाबला खेलते समय टीम इंडिया की निगाह एक बड़े रिकॉर्ड पर भी होगी। टीम इंडिया अगर यह मुकाबला जीतने में कामयाब होती है है तो वह लगातार 13 जीत हासिल करने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगी। टीम इंडिया अभी 12 मकाबले लगातार जीत चुकी है और वह अफगानिस्तान और रोमानिया के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर है।
टीम इंडिया की जीत का सिलसिला टी 20 वर्ल्ड कप में शुरू हुआ था जब उसने तीन लीग मुकाबले अफगानिस्तान, स्कॉटलैंड और नामीबिया को हराये थे।
इसके बाद भारतीय टीम ने श्रीलंका, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज जीती थीं। टीम इंडिया ने तीनों सीरीज को 3 -0 से क्लीन स्वीप करते हुए अपने नाम किया था। इस तरह भारतीय टीम लगातार 12 मुकाबले जीत चुकी है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस सीरीज में टीम इंडिया के कई सीनियर खिलाड़ियों को रेस्ट दिया गया है। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद दिनेश कार्तिक, कुलदीप यादव और हार्दिक पांड्या कोटीम इंडिया में वापसी का मौका मिला है। वहीं उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किये गए हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला मुकाबला 9 जून को दिल्ली में खेला जाएगा। इसके बाद 12 जून को कटक, 14 जून को विशाखापट्नम, 17 जून को राजकोट में मुकाबला खेला जाएगा। पांचवा और अंतिम मुकाबला बेंगलुरु में 19 जून को खेला जाएगा।