वनडे वर्ल्ड कप में आज भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दोपहर 2:00 बजे से खेले जाने वाले इस मुकाबले में टीम इंडिया के ओपनर शुबमन गिल की वापसी तय मानी जा रही है। वहीं इस मुकाबले में टॉस के रोल पर भी चर्चा चल रही है।

इस मैच में टीम इंडिया के रेगुलर ओपनर शुबमन गिल की वापसी हो सकती है। शुक्रवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान रोहित शर्मा ने कहा, शुबमन गिल 99% सिलेक्शन के लिए उपलब्ध हैं, लेकिन उन्हें प्लेइंग-11 में शामिल किए जाने का फैसला मैच से पहले ही लिया जाएगा।

डेंगू होने के कारण गिल 9 अक्टूबर को चेन्नई के अस्पताल में भर्ती भी हुए थे। गिल अब इससे रिकवरी कर चुके हैं। उन्होंने 12 और 13 अक्टूबर को नेट प्रैक्टिस भी की, जिसे देखते हुए उनके आज के मैच में वापसी करने की उम्मीद है।

अहमदाबाद में वनडे रिकॉर्ड देखें तो टॉस जीतने के बाद टीमें 16 मौकों पर जीती हैं, जबकि 11 मैच टॉस हारने वाली टीम जीती है। इन आंकड़ों को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि भारत-पाकिस्तान के बीच टॉस के साथ-साथ मुकाबला भी काफी दिलचस्प होने वाला है।