Bihar Politics: बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर 9वीं बार नीतीश कुमार के शपथ लेने के बाद से ही विपक्षी दलों के तमाम नेता उन पर लगातार निशाना साध रहे हैं. विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन का हिस्सा रहे नीतीश कुमार की एनडीए में वापसी ने सभी को एकदम चौंका दिया है.
इस बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बिहार सीएम पर तंज कसा है. जयराम रमेश ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक ट्वीट पोस्ट करते हुए लिखा, शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार अपना मफलर राज भवन में भूल गए. आधे रास्ते से वापिस लौटकर लेने आए तो राज्यपाल भी चौंक गए कि इस बार तो 15 मिनट भी नहीं हुए.

बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले बिहार में बड़ी सियासी उठापटक हुई है. नीतीश कुमार ने सूबे के सीएम पद से इस्तीफा दे दिया. इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया. इस्तीफ़े के बाद नीतीश कुमार ने शाम तक ही नई एनडीए सरकार में मुख्यमंत्री पद की शपथ भी ले ली.
बिहार की इस नई एनडीए सरकार में मंत्रियों के नामों पर भी मुहर लगाई गई है. नई एनडीए सरकार के पहले मंत्रिमंडल में सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, डॉ. प्रेम कुमार, विजय चौधरी, विजेंद्र यादव, श्रवण कुमार और ‘हम’ के संतोष कुमार सुमन के अलावा निर्दलीय विधायक सुमित सिंह को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई.
यानी, कुल मिलाकर इस पहले मंत्रिमंडल के नए समीकरण में नीतीश कुमार को छोड़कर जेडीयू से तीन मंत्री बनाये गए है. वहीं, तीन मंत्री बीजेपी से भी शामिल किये गए. इसके अलावा एनडीए में शामिल 'हम' को भी जगह मिली है और एकमात्र निर्दलीय सुमित कुमार सिंह को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है.
इस एनडीए सरकार में भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ही बनाया गया. बीजेपी की तरफ से सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को डिप्टी सीएम पद की ज़िम्मेदारी दी गई. कुल मिलाकर नीतीश कुमार की नई कैबिनेट के लिए 2 उपमुख्यमंत्री और 6 कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ली हैं.