कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव के नॉमिनेशन का आज आखिरी दिन है। अब तक जो तस्वीर दिखाई दे रही थी उसमें बड़ा ट्विस्ट दिख रहा है। अब तक रेस में आगे चल रहे दिग्विजय सिंह के नामांकन पर ही सस्पेंस बन गया है। इसका कारण सीनियर लीडर मल्लिकार्जुन खड़गे की एंट्री बताई जा रही है। दिग्विजय सिंह ने आज शुक्रवार सुबह खड़गे से मुलाक़ात भी की है।
यह बताया जा रहा है कि ऐनवक्त पर पार्टी आलाकमान ने मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम आगे कर दिया है जिससे सारे समीकरण बदल गए हैं। उधर शशि थरूर के नामांकन भरने कांग्रेस मुख्यालय पहुँचने की खबर है। इससे पहले थरूर ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
वहीं दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन ने भी कहा कि नामांकन को लेकर दोपहर तक पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। दिग्विजिय कल नामांकन फॉर्म लेने पार्टी मुख्यालय पहुंचे थे और आज उन्हें नामांकन दाखिल करना था लेकिन अब यह बताया जा रहा है कि दिग्विजय सिंह चुनाव की रेस से बाहर हो गए हैं। यह दावा भी किया जा रहा है कि दिग्विजय अब बदली हुई तस्वीर में खड़गे के प्रस्तावक बन सकते हैं।
दूसरी ओर कांग्रेस के जी-23 से भी अध्यक्ष पद का कोई दावेदार सामने आएगा या नहीं यह भी आज तय हो जाएगा। कल जी-23 की बैठक के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि इन नेताओं की ओर से भी कोई नाम सामने आ सकता है। चर्चा है कि मनीष तिवारी भी नामांकन दाखिल कर सकते हैं। गुरुवार रात दिल्ली में कांग्रेस नेता आनंद शर्मा के घर कांग्रेस पार्टी के G-23 गुट की बैठक में मनीष तिवारी, पृथ्वीराज चव्हाण, बीएस हुड्डा समेत कांग्रेस G-23 खेमे के कई बड़े नेता मौजूद थे।
वहीं राजस्थान में हुए घटनाक्रम के बाद अशोक गहलोत इस रेस से पूरी तरह बाहर हो गए हैं। दिल्ली में गुरुवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सोनिया गांधी के बीच लंबी मुलाक़ात हुई थी। इस मुलाकात के बाद के खुद गहलोत ने स्पष्ट कर दिया था कि वह इस माहौल में अध्यक्ष का चुनाव नहीं लड़ेंगे। राजस्थान में हुए घटनाक्रम को लेकर दुख भी गहलोत ने सोनिया गांधी से माफी मांग अफ़सोस जताया था।