बिहार के कड़क, ईमानदार और जांबाज आईपीएस अफसर विकास वैभव पर कार्रवाई की तलवार लटका दी गई है। बिहार होमगार्ड डीजी शोभा अहोतकर ने पत्र जारी किया है जिसमें विकास वैभव को छुट्टी देने के बदले शो कॉज नोटिस दिया गया है। दरअसल कल वैभव ने सोशल मीडिया पर ट्वीट, पोस्ट करके अपना दुख बताया था। उनके डिलीट किए गए ट्वीट के मुताबिक डीजी शोभा अहोतकर ने उन्हें मां और पत्नी की गालियां दीं। इससे उन्हें मानसिक तौर पर काफी प्रताड़ना झेलनी पडी।
वैभव के लिए बतौर शो कॉज नोटिस में लिखा है कि 'दिनांक 09.02.2023 की सुबह आपके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यथा ट्विटर, ह्वाट्स एप इत्यादि पर आपके ट्विटर हैंडल से किया गया ट्वीट वायरल हो रहा है। ट्विटर पर आपके द्वारा किए गए ट्वीट की प्रति इस पत्र के साथ संलग्न है। मैसेज में लिखा गया है कि आप डीजी रैंक की महिला अधिकारी से गालियां ही सुन रहे हैं। उक्त तथ्यों के समर्थन में आपने यह भी लिखा है कि आपके द्वारा रिकॉर्ड भी किया गया है।