कांकेर जिले के पखांजुर में अपना महंगा मोबाइल फोन खोजने के लिए डेम से लाखों लीटर पानी बहाने वाले फूड इंस्पेक्टर राजेश विश्वास को सस्पेंड कर दिया गया है। जिला उत्तरी बस्तर कांकेर कलेक्टर प्रियंका शुक्ला ने यह आदेश जारी किया है।
कलेक्टर की ओर से जारी आदेश में लिखा है कि पखांजूर फूड इंस्पेक्टर राजेश विश्वास का मोबाइल खोजने के लिए लगातार चार दिनों तक डीजल पंप से पार्लकोट जलाशय से करीब 21 लाख लीटर पानी बहा दिया गया। इस संबंध में एसडीएम पखांजूर से पूछताछ की गई। उनकी रिपोर्ट के अनुसार राजेश विश्वास ने जलाशय का 41104 क्यूबिक मीटर पानी बिना अनुमति के खाली कर दिया।
खाद्य निरीक्षक राजेश विश्वास ने पानी निकालने के लिए किसी भी सक्षम अधिकारी से अनुमति नहीं ली और अपने पद का दुरुपयोग करते हुए भीषण गर्मी में लाखों लीटर पानी बर्बाद कर दिया। यह उनका गैर जिम्मेदार व्यवहार है।
खाद्य निरीक्षक राजेश विश्वास को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमावली के विरुद्ध कार्य करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलम्बन की अवधि में उनका मुख्यालय जिला कार्यालय, खाद्य शाखा, कांकेर में रहेगा तथा उनके निलम्बित रहने तक न्यास को नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जायेगा। फूड इंस्पेक्टर ने वीडियो जारी करके अपनी सफाई भी पेश की है।