पूर्व केंद्रीय मंत्री और जदयू (JDU) नेता आरसीपी सिंह गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की उपस्थिति में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली। नीतीश कुमार के करीबी रहे  आरसीपी सिंह के लम्बे समय से उनकी बीजेपी में शामिल होने की अटकलें भी थीं। 

भाजपा में शामिल होने के बाद आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। उन्हें जरा सोचना चाहिए कि देश कहां से कहां चला गया और बिहार कहां हैं। उन्हें 'C' शब्द से बड़ा प्यार है, सी से चेयर होता है इसलिए कुर्सी के मोह में सारा काम कर रहे हैं। 

आरसीपी सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ़ भी की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार आजकल कह रहे हैं कि देश में कोई काम नहीं हो रहा। मैं पूछता हूं कि देश में अगर कोई काम नहीं हो रहा तो भारत कैसे विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया।

गौरतलब है कि राज्यसभा की सदस्यता चले जाने के कारण आरसीपी सिंह को केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था, उस समय आरसीपी सिंह पर भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगा था। धीरे-धीरे आरसीपी सिंह जदयू से दूर होते चले गए। अंत में उन्हें जदयू से इस्तीफा देना पड़ा। 

पार्टी से इस्तीफा देने के बाद वे खुलकर भाजपा के समर्थन में कई बार दिखे। इस दौरान कई बार अटकलें लगाई गई कि आरसीपी सिंह भाजपा में शामिल हो जाएंगे। अब 9 महीने बाद आरसीपी सिंह ने आखिरकार भाजपा के विधिवत सदस्यता ले ली।