रविवार को फिल्मी स्टाइल में जब एक निजी अस्पताल के आईसीयू में एक जोड़े ने शादी कर ली। इस अनोखी शादी में न सिर्फ दूल्हा-दुल्हन के परिवार वाले बल्कि अस्पताल का स्टाफ भी मौजूद रहा लेकिन इस शादी की खुशी मनाए जाने से पहले ही सभी की आंखें नम हो गईं।

ये अनोखी शादी गया जिले के मजिस्ट्रेट कॉलोनी के सामने स्थित अर्श अस्पताल के आईसीयू में संपन्न हुई। बताया गया कि बाली गांव निवासी ललन कुमार की पत्नी पूनम कुमारी वर्मा कई दिनों से बीमार चल रही थी। गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने कहा कि मरीज की हालत गंभीर है और मौत कभी भी हो सकती है। 

ऐसे में मरीज पूनम कुमारी वर्मा ने परिजनों के सामने शर्त रखी कि उनकी बेटी चांदनी की शादी उनकी आंखों के सामने ही हो जाए। परिजनों ने बताया कि चांदनी कुमारी की सगाई भारतीय सेना से रिटायर हुए इंजीनियर विद्युत कुमार अंबेडकर के बेटे सुमित गौरव से होनी थी, लेकिन चांदनी के आग्रह के कारण शादी एक दिन पहले ही हो गई। दुख की बात है कि शादी के दो घंटे बाद लड़की की मां का निधन हो गया। 

शादी समारोह आईसीयू के गेट पर आयोजित किया गया था। बड़ी बात यह है कि यह पूरी शादी बिना किसी तिलक दहेज के संपन्न हुई। शादी के दो घंटे बाद ही मां को खो चुकी चांदनी कुमारी ने बताया कि उनकी मां पूनम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एएनएम के पद पर कार्यरत थीं और कोरोना काल से लगातार बीमार चल रही थीं।