बिहार की राजधानी पटना में सड़क धंसने का मामला सामने आया है। यहां पर सड़क धंसने से एक कंटेनर ट्रक फंस गया। जिसकी वजह से लंबा जाम लग गया। घटना का वीडियो भी वायरल है।
करीब 2 घंटे तक कड़ी मशक्कत किए जाने के बाद भी कंटेनर ट्रक, टस से मस नहीं हुआ। बाद में स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की मदद से क्रेन बुलाकर सड़क के बीच में पड़े गड्ढे को बाहर निकाला और यातायात बहाल किया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ही सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि सड़क बने हुए 4 महीने हो गए हैं। यहां नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत काम हुआ। लेकिन जिस तरह से सड़क टूटी है, उसे देखते हुए निर्माण कार्य पर सवाल उठ खड़े हो रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रक का पूरा टायर गड्ढे में धंसा हुआ था, जिससे प्रतीत होता है कि खोदे गए गड्ढों को मिट्टी से भर दिया गया है। ट्रक धंसने की घटना ने निर्माण की गुणवत्ता की कलई खोल दी है।