Bihar Politics: बिहार में सियासी उथल-पुथल के बाद नीतीश कुमार एनडीए के समर्थन से 9वीं बार मुख्यमंत्री बन चुके हैं. नई सरकार में बीजेपी कोटे से दो नेताओं सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को डिप्टी सीएम बनाया था. पिछले महीने 28 जनवरी को शपथ ग्रहण होने के बाद अब सीएम नीतीश कुमार ने दोनों डिप्टी सीएम के बीच विभागों का बंटवारा भी कर दिया है.

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को वित्त विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा को पथ निर्माण और कृषि विभाग का दायित्व दिया गया है. साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह विभाग अपने पास ही रखा है. इसके अलावा श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास विभाग का मंत्री बनाया गया है.

बता दें कि सुमित सिंह को विज्ञान प्रावैधिकी विभाग की जिम्मेदारी मिली है. वहीं, संतोष सुमन को SC-ST कल्याण विभाग का मंत्री बनाया गया है. इन दिनों बिहार में नई सरकार के गठन के बाद से कैबिनेट विस्तार को लेकर भी राज्य में राजनीति शुरू हो गई है. आरजेडी ने दावा किया कि नई सरकार में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है इसलिए कैबिनेट विस्तार नहीं हो पा रहा है क्योंकि मंत्री पद को लेकर आंतरिक कलह हो रही है.