दिल्ली में बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच जुबानी जंग चल रही है। इसी क्रम में बीजेपी ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक बार फिर आम आदमी पार्टी पर हमला बोला है। बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल जो भी करते हैं एक कंसल्टेंट जरूर बना देते हैं और इस कंसल्टेंट के जरिए कैसे वसूली का रूपया, ये काला धन, गुलाबी गड्डियां अरविंद केजरीवाल तक पहुंच जाएं और भ्रष्टाचार पूरा हो जाए, यही इनका काम है।

देखिये लाइव-

 

उन्होंने आगे कहा कि केजरीवाल जी का मुख्य मुद्दा है भटका दो और सही काम को लटका दो। लेकिन आप अगर लटकाना जानते हैं तो जनता भी झटका देना जानती है। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने केजरीवाल सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल जी की सरकार स्वराज से शराब और फिर शराब से भ्रष्टाचार के सफर में इतनी डूब गई है कि वो जो भी काम करते हैं, जो भी खरीद फरोख्त होती है बिना भ्रष्टाचार के होती ही नहीं है। 

बीजेपी नेता विजेंद्र गुप्ता ने केजरीवाल सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में एक हजार बसों का टेंडर होता है और वो टेंडर में बहुत सारी अनियमितताएं होती है। बसों की खरीद में अपनी चहेती कंपनी को फेवर करने के लिए टेंडर के नियमों का उल्लंघन किया जाता है। सीवीसी की गाइडलाइंस की धज्जियां उड़ाकर टेंडर दिया जाता है। 1 जून 2018 को एक षड्यंत्र के तहत दिल्ली के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर को डीटीसी बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया। ये हैरानी प्रकट करने वाला फैसला था, क्योंकि डीटीसी के इतिहास में 1970 से ऐसा कभी नहीं हुआ कि डीटीसी का चेरयरमैन कोई पॉलिटिकल आदमी बना।