आज BJP ने 42 साल का सफर तय कर लिया है। इस अवसर पर पार्टी अपना 42वां स्थापना दिवस मना रही है। राजनीति में कभी कुछ सीटों में सिमट कर रह जाने वाली भाजपा आज पूर्ण बहुमत से अपनी सरकार चला रहीं है और खुद को एक राष्ट्रीय पार्टी साबित करने में सफ़ल रही हैं। हर एक चुनाव के बाद पार्टी की बढ़ रही लोकप्रियता के बीच यह दिन और भी खास हो जाता है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस दिन को और ज्यादा खास बनाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किये है। दिल्ली पार्टी मुख्यालय में भी स्थापना दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित किये गए। 

भाजपा मुख्यालय पर किया ध्वजारोहण :

स्थापना दिवस पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने भाजपा मुख्यालय पर ध्वजारोहण किया और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने रक्तदान शिविर का भी उद्घाटन किया। साथ ही इस अवसर पर पीएम मोदी और जे.पी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। 

जे.पी नड्डा बोले- कार्यकर्ता दीया लेकर चले, तभी कमल का फूल खिला

स्थापना दिवस पर जे.पी नड्डा बोले, आज भाजपा का 42वां स्थापना दिवस है। ये हम सबके लिए बहुत खुशी का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की विकास यात्रा में अपने जीवन को लगाया है, ऐसे यशस्वी प्रधानमंत्री का हमें संबोधन आज सुनने को मिलेगा। मैं करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से उनका हार्दिक अभिनंदन करता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह हमारे करोड़ों कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री मोदी के बताए रास्ते पर चलने के लिए शक्ति और ताकत दे।

ताकि हम समाज में जो परिवर्तन लाते हुए, देश को मजबूती की ओर ले जा रहे हैं, उसमें हमें ताकत मिले और उसे हम सही ढंग से पूरा कर सकें। 42 वर्ष के इस कार्यक्रम में आज हमें उन लोगों को भी याद करना है, जो पहले जनसंघ काल से पहले दीया लेकर चले और बाद में कमल के फूल को लेकर चले। तीन-तीन, चार-चार पीढ़ियों ने खुद को खपा दिया, आज इस पार्टी को यशस्वी बनाने के लिए। आज उनकों भी याद करने का अवसर है। 

देखिये लाइव :

 

कार्यकर्ताओं को पीएम ने किया संबोधित :

स्थापना दिवस पर पीएम मोदी बोले, आज नवरात्रि की पांचवीं तिथि भी है, आज के दिन हम सभी मां स्कंदमाता की पूजा करते हैं। हम सबने देखा है कि मां स्कंदमाता कमल के आसन पर विराजमान रहती हैं और अपने दोनों हाथों में कमल का फूल थामें रहती हैं। मेरी प्रार्थना है कि मां स्कंदमाता का आशीर्वाद देशवासियों पर, भाजपा के प्रत्येक कर्मठ कार्यकर्ता और प्रत्येक सदस्य पर हमेशा बना रहे। मैं देश और दुनिया भर में फैले भाजपा के प्रत्येक सदस्य को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। कश्मीर से कन्याकुमारी, कच्छ से कोहिमा तक भाजपा एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को निरंतर सशक्त कर रही है।

पीएम बोले- स्थापना दिवस 3 और वजहों से महत्वपूर्ण

पीएम बोले, इस बार का स्थापना दिवस 3 और वजहों से महत्वपूर्ण हो गया है। पहला कारण है कि इस समय हम देश की आजादी के 75 वर्ष का पर्व मना रहे हैं, आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। ये प्रेरणा का बहुत बड़ा अवसर है। दूसरा कारण है- तेजी से बदलती हुई वैश्विक परिस्थितियां, बदलता हुआ ग्लोबल ऑर्डर। इसमें भारत के लिए लगातार नई संभावनाएं बन रही हैं। तीसरा कारण भी उतना ही अहम है। कुछ सप्ताह पहले चार राज्यों में भाजपा की डबल इंजन की सरकारें वापस लौटी हैं।

तीन दशकों के बाद राज्यसभा में किसी पार्टी के सदस्यों की संख्या 100 तक पहुंची है। वैश्विक दृष्टिकोण से देखें या राष्ट्रीय दृष्टिकोण से, भाजपा का दायित्व, भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व लगातार बढ़ रहा है। इसलिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता, देश के सपनों का प्रतिनिधि है, देश के संकल्पों का प्रतिनिधि है।

पीएम बोले- ये अमृत काल हर कार्यकर्ता के लिए है, कर्तव्य काल 

पीएम बोले, इस अमृत काल में भारत की सोच आत्मनिर्भरता की है, लोकल को ग्लोबल बनाने की है, सामाजिक न्याय और समरसता की है। इन्हीं संकल्पों को लेकर एक विचारबीज के रूप में हमारी पार्टी की स्थापना हुई थी। इसलिए ये अमृत काल भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए कर्तव्य काल है। आज दुनिया के सामने एक ऐसा भारत है जो बिना किसी डर या दबाव के, अपने हितों के लिए अडिग रहता है।

जब पूरी दुनिया दो विरोधी ध्रुवों में बंटी हो, तब भारत को ऐसे देश के रूप में देखा जा रहा है, जो दृढ़ता के साथ मानवता की बात कर सकता है। हमारी सरकार राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए काम कर रही है। आज देश के पास नीतियाँ भी हैं, नियत भी है। आज देश के पास निर्णयशक्ति भी है, और निश्चयशक्ति भी है। इसलिए, आज हम लक्ष्य तय कर रहे हैं, उन्हें पूरा भी कर रहे हैं। 

मोदी का मास्टर प्लान :

पीएम बोले, कुछ समय पहले ही देश ने 400 बिलियन डॉलर यानि तीस लाख करोड़ रुपए के उत्पादों के export का target पूरा किया है। कोरोना के इस समय में इतना बड़ा लक्ष्य हासिल करना, भारत के सामर्थ्य को दिखाता है। बीते वर्षों में देश ने ये देखा कि अपने नागरिकों का जीवन आसान बनाना भाजपा सरकारों की, डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता रही है। गरीबों को पक्के घर से लेकर शौचालय के निर्माण तक, आयुष्मान योजना से लेकर उज्ज्वला तक, हर घर जल से लेकर हर गरीब को बैंक खाते तक ऐसे कितने ही काम हुए हैं, जिनकी चर्चा में कई घंटे निकल सकते हैं। सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ हम सबका विश्वास प्राप्त कर रहे हैं। देश के विकास के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं।

राजनीतिक दलों पर मोदी का वार :

पीएम बोले, आज पूरी दुनिया देख रही है कि इतने मुश्किल समय में भारत 80 करोड़ गरीबों, वंचितों को मुफ्त राशन दे रहा है। 100 साल के इस सबसे बड़े संकट में गरीब को भूखा न सोना पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार करीब 3.5 लाख करोड़ रुपये खर्च कर रही है। हमारे देश में दशकों तक कुछ राजनीतिक दलों ने सिर्फ वोटबैंक की राजनीति की। कुछ लोगों को ही वायदे करो, ज्यादातर लोगों को तरसाकर रखो, भेदभाव-भ्रष्टाचार ये सब वोटबैंक की राजनीति का साइड इफेक्ट था। लेकिन भाजपा ने इस वोटबैंक की राजनीति को ना सिर्फ टक्कर दी है, बल्कि इसके नुकसान, देशवासियों को समझाने में भी सफल रही है। 

महिलाएं नए युग की ताकत का प्रतिबिंब है: मोदी

पीएम बोले, आजादी के इस अमृत काल में हमने सैचुरेशन यानि जनकल्याण की हर योजना को शत प्रतिशत लाभार्थियों तक पहुंचाने का जो संकल्प लिया है, वो बहुत विराट है। सैचुरेशन तक पहुंचने के इस अभियान का मतलब है- भेदभाव की सारी गुंजाइश को खत्म करना, तुष्टिकरण की आशंकाओं को समाप्त करना, स्वार्थ के आधार पर लाभ पहुंचाने की प्रवृत्ति को खत्म करना, और समाज की आखिरी पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति तक सरकारी लाभ पहुंचे, ये सुनिश्चित करना। आज देश में ऐसी सरकार है जिसकी वैचारिक निष्ठा अंत्योदय में है।

गरीबों, दलितों, पिछड़ों, महिलाओं के हितों के लिए, उनके उत्थान के लिए काम करना, ये हमारी पार्टी के मूल संस्कार हैं। इसलिए आज गरीबों, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों के साथ ही महिलाएं भाजपा के पक्ष में खड़ी हुई हैं, वो नए युग की ताकत का प्रतिबिंब है। पिछले कई चुनावों में हमने लगातार देखा है, भाजपा का विजय तिलक करने के लिए सबसे आगे हमारी माताएं-बहनें आती हैं। ये केवल एक चुनावी घटना भर नहीं है। ये एक ऐसा सामाजिक और राष्ट्रीय जागरण है जिसका इतिहास में विश्लेषण किया जाएगा।

एक राजनीति है- परिवारभक्ति की, और दूसरी है राष्ट्रभक्ति की: मोदी

पीएम बोले, हमारे लिए राजनीति और राष्ट्रनीति साथ-साथ चलते हैं। लेकिन ये भी सच्चाई है कि अभी भी देश में दो तरह की राजनीति चल रही है। एक राजनीति है परिवारभक्ति की, और दूसरी है राष्ट्रभक्ति की। केंद्रीय स्तर पर और अलग-अलग राज्यों में कुछ राजनीतिक दल हैं जो सिर्फ अपने परिवार के हितों के लिए काम करते हैं। परिवारवादी सरकारों में परिवार के सदस्यों का स्थानीय निकाय से लेकर संसद तक में दबदबा रहता है।

ये लोग भले ही अलग अलग राज्यों में हो, लेकिन परिवारवाद के तार से जुड़े रहते हैं। एक दूसरे के भ्रष्टाचार को ढककर रखते हैं। परिवारवादी पार्टियों ने देश के युवाओं को भी कभी आगे नहीं बढ़ने दिया, उनके साथ हमेशा विश्वासघात किया है। और आज हमें गर्व होना चाहिए कि भाजपा ही इकलौती पार्टी है जो इस चुनौती से देश को सजग कर रही है, सतर्क कर रही है। 

परिवारवादी लोकतंत्र की सबसे बड़ी दुश्मन : मोदी

पीएम बोले, देश के युवा अब ये समझने लगे हैं कि किस तरह परिवारवादी लोकतंत्र की सबसे बड़ी दुश्मन हैं। लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने वाली ये पार्टियां, संविधान और संवैधानिक व्यवस्थाओं को भी कुछ नहीं समझतीं। ऐसी पार्टियों से आज भी हमारे कार्यकर्ता अन्याय, अत्याचार और हिंसा के खिलाफ लोकतान्त्रिक मूल्यों के साथ लड़ रहे हैं। इनमें से कई कार्यकर्ताओं को अपना बलिदान तक देना पड़ा है। हम सब हमारे इन कार्यकर्ताओं के परिवारों की पीड़ा में शामिल हैं। मैं सभी कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा ऐसे राज्यों में लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के लिए संघर्ष करती रहेगी। ये महासंघर्ष तब तक चलेगा, जब तक लोकतंत्र विरोधी ताकतों को हम परास्त नहीं कर देते। 

नमो ऐप कमलपुष्प मॉड्यूल से जुड़ें : मोदी

पीएम बोले, मेरा आप सबसे एक आग्रह है कि आप सब नमो ऐप कमलपुष्प मॉड्यूल से जुड़ें। जिन अनगिनत लोगों ने पार्टी और देश के लिए खुद को खपा दिया, ये कमलपुष्प उनकों समर्पित है। कमलपुष्प एक तरह से सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का पुष्प है। कमलपुष्प को आप जितनी बार पढ़ेंगे, आपको हर जीवनगाथा से एक नई ऊर्जा और मार्गदर्शन मिलेगा। आज देश जमीन से जुड़े तमाम अभियानों को आगे बढ़ा रहा है और भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में जमीन पर उनके सारथी आप ही हैं।

अभी कुछ दिन बाद ही ज्योतिबा फुले और बाबा साहब अंबेडकर जी की जयंती है। पार्टी आज से सामाजिक न्याय पखवाड़ा शुरू करने जा रही है। मेरा आप सभी से विशेष आग्रह है कि इस अभियान में सक्रियता से जुड़ें। सरकार गरीबों के लिए जो योजनाएं चला रही हैं, उनके प्रति देशवासियों को जागरूक करें। एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी मुझे जो आदेश करेगी, मैं भी कार्यकर्ता के रूप में पूरी मेहनत करूंगा। आपका साथी कार्यकर्ता होने के नाते मेरी आपसे भी यही अपेक्षा है।