गोवा में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सदानंद तनावड़े ने दावा किया है, कि गोवा में कांग्रेस के 11 में से 8 विधायक BJP में शामिल हो सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो गोवा कांग्रेस की मुसीबतें बढ़ सकती हैं। वहीं गोवा बीजेपी ने इस तरह की बात उस समय पर कही है, जबकि कांग्रेस अपनी खोई हुई साख को वापस पाने के लिए देशभर में भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है।
इस समय पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के नेता देशभर में 150 दिन की 3570 किमी की यात्रा निकाल रहे हैं। ये यात्रा 12 राज्यों से होकर गुजरेगी। गोवा में कांग्रेस के 11 विधायक हैं। गोवा मे विधानसभा सीटों की संख्या 40 है, हैरानी की बात ये है, कि इस साल फरवरी माह में ही विधानसभा के चुनाव संपन्न हुए हैं।
गोवा में बीजेपी गठबंधन (NDA) के 25 विधायक हैं। वहीं कांग्रेस के 11 विधायक हैं। लेकिन बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के इस दावे के साथ ही गोवा कांग्रेस में अलग ही तरह की सियासी हलचल शुरु हो गई है। इसी साल जुलाई महीने में भी कुछ इसी तरह की चर्चाएं गोवा में सुनने में आई थी। आपको बता हें, कि मार्च में सरकार बनने के बाद ये दूसरा मौका है, जब इस तरह की बातों को हवा दी जा रही है।
जुलाई में कांग्रेस के 11 में से 5 विधायकों के बीजेपी में शामिल होने चर्चा थी। हालांकि, कांग्रेस ने सही समय पर एक्शन लेते हुए इस पर लगाम लगा दी थी। उस समय कांग्रेसी विधायक दिगंबर कामत, माइकल लोबो, राजेश फलदेसाई, केदार नाइक और दलीला लोबो के पाला बदलने की चर्चा थी। गौरतलब है, कि उस समय कांग्रेस ने माइकल लोबो को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में नेता प्रतिपक्ष के पद से बर्खास्त भी कर दिया था।