भोपाल। इन दिनों बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा देशभर का दौरा कर रहे हैं। पार्टी ने ही हर प्रदेश में उनका दौरा कार्यक्रम तय कर दिया गया है. इसके अंतर्गत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मध्यप्रदेश भी आएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक जून को मध्यप्रदेश के प्रवास पर भोपाल आएंगे और इस दौरान अहम बैठक में शामिल होंगे. सूत्रों के अनुसार मध्यप्रदेश में होने वाले अध्यक्षीय प्रवास के तहत वे यहां 3 दिन रहेंगे. इस दौरान भोपाल के लाल परेड ग्राउण्ड में पार्टी का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भाजपा के सभी विधायक व सांसद सहित प्रदेश पदाधिकारी से लेकर मंडल अध्यक्ष तक शामिल होंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के भोपाल दौरे की भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने भी पुष्टि कर दी है. वे यहां विधानसभा चुनाव की तैयारियों की नब्ज भी टटोलेंगे.

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भोपाल में भाजपा के विधायक,सांसद और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ पार्टी के सभी मोर्चा तथा प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की बैठक में राज्य भाजपा के सभी जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों को भी बुलाया गया है। पार्टी लाल परेड मैदान में लगभग दो हजार पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम कराने की तैयारी कर रही है।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने इस संबंध में बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का अगले माह दौरा प्रस्तावित है। वे मध्यप्रदेश में 3 दिन तक रहेंगे. शर्मा के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 1 जून को भोपाल आएंगे और यहां पार्टी की बैठक लेंगे. इसके बाद वे 2 जून को जबलपुर चले जाएंगे। वहां से नड्डा तीन जून को वापस लौट जाएंगे।

अपने मप्र प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों की नब्ज टटोलेंगे। सूत्रों के अनुसार वे पार्टी के विधायकों की अलग से भी बैठक लेंगे। इसमें भाजपा द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे में परफारमेंस में पीछे चल रहे विधायकों को भी जेपी नड्डा अलर्ट कर सकते हैं।