करीब 9 दिन पहले शुरू हुई महाराष्ट्र की राजनीतिक उठापटक अब खत्म होने की ओर है। बुधवार देर रात उद्धव ठाकरे ने त्यागपत्र दे दिया. उनके इस्तीफे के बाद BJP ने सरकार बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। आज सुबह 11 बजे देवेेंद्र फडणवीस के घर कोर कमेटी की बैठक है। फडणवीस एक-दो दिन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
इससे पहले बुधवार रात करीब सवा 11 बजे उद्धव ठाकरे इस्तीफा देने खुद ही कार ड्राइव कर राजभवन के लिए निकले थे। उनके साथ दोनों बेटे आदित्य और तेजस ठाकरे भी थे। राज्यपाल ने उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था बनने तक अपने पद पर बने रहने को कहा। राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद उद्धव ठाकरे ने बेटे आदित्य के साथ एक मंदिर में पूजा की। इसके बाद अपने आवास मातोश्री पहुंचे। इधर, बागी विधायक भी देर रात गोवा पहुंच गए। इसके बाद बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे ने पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बात की।
उद्धव ठाकरे ने शिंदे गुट के गिले-शिकवों पर अपनी बात रखी और कहा कि आपको अपनी बात ठीक तरह से रखनी चाहिए थी। उद्धव ने यह कहा कि जिनसे धोखे की आशंका थी वे साथ रहे। उन्होंने कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) चीफ शरद पवार को धन्यवाद भी कहा।
उद्धव के इस्तीफे के ऐलान के बाद भाजपा में जश्न का माहौल है। ताज होटल में भाजपा विधायकों की बैठक में ‘वंदे मातरम’ के जोरदार नारे लगे और विधायकों ने देवेंद्र फडणवीस को मिठाई खिलाकर महाविकास अघाड़ी सरकार गिरने का जश्न मनाया।