भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस चुनाव में बीजेपी ने 370 प्लस सीटें जीतने का टारगेट रखा है। इस मिशन का रोडमैप बनाने बीजेपी का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन शनिवार (17 फरवरी, 2024) से दिल्ली में शुरू हो रहा है।

बीजेपी की इस हाईलेवल मीटिंग में लोकसभा चुनाव के रोडमैप के अलावा दो प्रस्ताव लाए जा सकते हैं. पहला प्रस्ताव विकसित भारत के लिए मोदी की गारंटी थीम पर और दूसरा राम मंदिर से जुड़ा माना जा रहा है।  

बीजेपी के राष्ट्रीय अधिवेशन के बारे में जानकारी देते हुए महासचिव बीएल संतोष ने बताया कि 3 बजकर 30 मिनट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पीएम मोदी झंडा फहराएंगे। इसके बाद शाम को करीब 4 बजकर 40 मिनट पर जेपी नड्डा का उद्घाटन भाषण होगा।

अधिवेशन में मध्यप्रदेश के भी करीब 1250 प्रतिनिधि भाग लेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के मुताबिक़ अधिवेशन में  नगर पंचायत से सांसद समेत प्रदेश से 1226 कार्यकर्ता शामिल होंगे। ये कार्यकर्ता दिल्ली रवाना हो चुके हैं।