तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन का एक और वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में सत्येंद्र जैन की सेल की सफाई हो रही है. सत्येंद्र जैन की सेल की सफाई के साथ वहां पर लोग उनके बिस्तर लगाते भी दिख रहे हैं. इससे पहले भी बीजेपी सत्येंद्र जैन के कई वीडियो शेयर कर चुकी है. वीडियो को शेयर करते हुए बीजेपी नेता हरीश खुराना ने लिखा, 'अरविंद केजरीवाल के लाट साहब के ठाठ- जेल में 10 कर्मचारी उनकी सेवा में काम करते हैं'.

बता दें कि तिहाड़ जेल में वीवीआईपी ट्रीटमेंट दिए जाने पर जेल मंत्री सत्येंद्र जैन को कोर्ट ने फटकार लगाई. बीजेपी ने आरोप लगाया कि जैन को उनके कमरे के अंदर सभी सेवाएं प्रदान करने के लिए कुछ लोगों को नियुक्त किया गया था. उन्होंने जैन की व्यक्तिगत जरूरतों का विशेष ध्यान रखा, जिसमें कमरे की सफाई करना, बिस्तर की सफाई, कमरे के अंदर बाहर का खाना उपलब्ध कराना, मिनरल वाटर, फल, कपड़े आदि शामिल है.

वायरल वीडियो में यह साफ़ देखा गया था कि सत्येंद्र जैन रेप के आरोपी रिंकू से नियमित तौर पर बॉडी मसाज करवाते थे. अब ये भी जांच का विषय है कि क्या ये सभी लोग जेल के कैदी हैं या कोई बाहरी व्यक्ति जिन्हें मंत्री की सेवा की अनुमति दी गई.

इससे पहले बीजेपी ने सत्येंद्र जैन का जेल में मसाज कराते हुए एक वीडियो शेयर किया था. नया वीडियो जारी करने के बाद बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि तिहाड़ के आप का दरबार के बाद अब तिहाड़ में रूम सर्विस! 8-10 लोग सत्येंद्र जैन की मालिश, टीवी, मिनरल वाटर, फल, सूखे मेवे, नवाबी भोजन, जेल अधीक्षक के व्यक्तिगत दौरे का आनंद लेने वाले सत्येंद्र जैन को हाउसकीपिंग और वीवीआईपी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं! ये क्या हो रहा है?