केंद्र सरकार, भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर 'हर घर तिरंगा' अभियान की जोर शोर से तैयारी कर रही है। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत सभी राज्यों में 13 अगस्त से 15 अगस्त के बीच हर घर पर तिरंगा फहराया जाएगा। लेकिन इससे पहले आज सभी सांसदों ने तिरंगा बाइक रैली निकाली। उपराष्ट्रपति एम। वेंकैया नायडू ने लाल किले से विजय चौक तक हर घर तिरंगा बाइक रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस रैली में कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी भाग लिया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी इस रैली में अपनी स्कूटी पर तिरंगा लहराते सबसे आगे दिखीं। इस रैली में केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी भी दिखीं। तिरंगा यात्रा में विपक्षी दलों के किनारा करने के बाद इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में जुबानी जंग छिड़ गई है। सत्ता पक्ष तिरंगा रैली से किनारा करने को लेकर विपक्ष पर हमलावर हो गया है, वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी सत्ता पक्ष पर पलटवार किया है।

राहुल गांधी ने शायराना अंदाज में ट्वीट कर का है कि देश की शान है हमारा तिरंगा, हर हिंदुस्तानी के दिल में है हमारा तिरंगा, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी इसे लेकर ट्वीट किया। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा- विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा। लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी ने इसे लेकर कहा कि कौन देशभक्त है, सब जानते हैं। देश की आजादी के लिए जो अखबार निकाला गया था, उसके खिलाफ क्या घिनौनी साजिश हो रही है, ये भी देखो। अधीर रंजन ने कहा कि हम बीजेपी का राजनीतिक एजेंडा कैसे लेंगे, हम अपना आयोजन करेंगे।