भोपाल,

मप्र में लगभग दो दशक से सत्ता पर काबिज भाजपा का नया मुख्यालय चर्चा में है, इसका निर्माण जल्द शुरू होने वाला है। जाहिर है कि नये निर्माण के लिये पुराने भवन को तोड़ा जाएगा। यह भवन करीब सात मंजिला होने की भी बात कही जा रही है, हालांकि अभी इसका नक्शा अंतिम तौर पर बनना बाकी है लेकिन यह तय है कि भवन में  वास्तु का भी खयाल रखा जाएगा और इसमें हर आधुनिकतम तकनीक जुटाई जाएगी ताकि पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सहूलियतें हो सके। माना जा रहा है कि आगामी विस चुनाव का संचालन भाजपा नये भवन से ही करेगी।

खास बात यह है कि भाजपा का कार्यालय पुराना नहीं है। इसे 90 के दशक में बनाया गया था लेकिन अब इसका नया निर्माण इसे अन्य राज्यों से बेहतर मुख्यालय की शक्ल देगा इस कार्यालय को भोपाल में मौजूद बाकी पार्टी मुख्यालयों से बेहतर माना जाता है मगर अब इसे अगले तीस चालीस साल की जरूरतों के हिसाब से डिजाइन किया जा रहा है। इसलिए पार्टी ने प्रशासन से पुराना आरटीओ भवन किराए पर लेने को लेकर एक अर्जी कलेक्टर को दी थी। जिसकी अनुमति उन्होंने दे दी है। हालांकि यहां कार्यालय कब

शिफ्ट होगा, इसकी तारीख अभी तय नहीं की गई है। भाजपा ने तय किया है कि डेढ़ साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ही नये भवन का निर्माण हो जाये। लिहाजा पूरा निर्माण एक साल में पूरा करने पर जोर रहेगा।

नए कार्यालय की इमारत को भाजपा चुनाव चिह्न कमल की थीम पर बनाने पर भी विचार चल रहा है। यहां लाइब्रेरी, रिसर्च रूम के अलावा तकनीकी से लेस चुनावी वॉर रूम भी तैयार किया जाएगा। इसमें ऑडिटोरियम, कांफ्रेंस हाल जैसी सुविधाएं भी

इमारत में बारिश के पानी को बचाने की भी तकनीक भी शामिल की जाएगी। सोलर पैनल और बायो टॉयलेट भी बनाए गए हैं। अंडरग्राउंड पार्किंग की व्यवस्था होगी। इसके अलग अलग डिजाइन तैयार कराई गई हैं। जिसमें से जल्द ही एक को फाइनल करेगी ताकि वास्तुदोष मुक्त कार्यालय तैयार हो।

केंद्रीय गाइडलाइन, कार्यकर्ताओं से फंड

बताया जाता है कि कार्यालय के भवन के नवनिर्माण के लिए केन्द्रीय नेतृत्व के स्तर से गाइडलाइन तय हुई है। शीर्ष नेतृत्व से मिले निर्देश लेने के बाद प्रदेश संगठन ने आधुनिक, सुसज्जित, सर्व सुविधायुक्त और सादगीपूर्ण कार्यालय बनाने का निर्णय लिया है। इसको लेकर हाल ही में दिल्ली में हुई मप्र बीजेपी की कोर ग्रुप की मीटिंग में भी चर्चा हुई। इसके बाद निर्माण कार्य को लेकर तेजी लाई गई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि आज की आवश्यकता अनुसार कार्यालय के भवन में बदलाव किए जा रहे हैं। शर्मा ने कहा कि इस निमार्ण कार्य में कार्यकर्ताओं की भूमिका रहेगी। इसके लिए बूथ पर कार्यकर्ताओं से भी सौ-सौ रुपए भी इकट्ठा कर रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री ने किया अस्थायी कार्यालय का निरीक्षण

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा नया भाजपा कार्यालय सर्वसुविधायुक्त और सादगीपूर्ण होगा

इधर मुख्यमंत्री  शिवराजसिंह चौहान, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद  विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री  हितानंद जी ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय के ठीक सामने स्थित रिक्त आरटीओ भवन का निरीक्षण किया। जहां अस्थायी रूप से भाजपा कार्यालय संचालित किया जाना है। 

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के पुर्ननिर्माण भवन को लेकर निर्णय हो गया है। निर्माण अवधि के दौरान अस्थायी रूप से प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर के ठीक सामने स्थित रिक्त आरटीओ भवन में संचालित होगा। उन्होंने बताया कि शासकीय मानदंडों एवं नियमों के आधार पर भवन का शुल्क दिया जायेगा। इसके लिए सभी आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। 

शर्मा ने कहा कि देश के गृहमंत्री  अमित शाह जी ने अपने राष्ट्रीय अध्क्षयीय कार्यकाल में लक्ष्य दिया था कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक जिले में कार्यालय होना चाहिए तथा वर्तमान सभी कार्यालय सर्व सुविधायुक्त होना चाहिए। जिसको लेकर यह सतत प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि जब प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर का निर्माण हुआ था उस समय भव्यता के साथ परिपूर्ण कार्यालय था। परंतु आज की आवश्यकता अनुसार इसमें बदलाव किया जा रहा है। इस हेतु केन्द्रीय नेतृत्व से आवश्यक दिशा निर्देश लेने के बाद प्रदेश संगठन ने आधुनिक, सुसज्जित, सर्व सुविधायुक्त और सादगीपूर्ण कार्यालय बनाने का निर्णय लिया है।

निरीक्षण के दौरान पार्टी के प्रदेश महामंत्री व कार्यालय प्रभारी  भगवानदास सबनानी, प्रदेश महामंत्री  हरिशंकर खटीक, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी  विवेक तिवारी उपस्थित थे।