MP News: मध्यप्रदेश के भिंड जिले से मकान में विस्फोट होने से तीन बच्चों की दर्दनाक मौत की खबर सामने आई हैं. यह घटना आज यानी शनिवार सुबह 6.30 बजे की बताई जा रही है. घटना गोरमी थाना इलाके के दले का पुरा की है, जहां विस्फोट के बाद मकान में आग लग गई.

इस हादसे की चपेट में दो महिलाएं, बच्चे और दंपती आ गए. सभी घायलों को गोरमी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां प्रारंभिक उपचार के बाद सभी को ग्वालियर रेफर किया गया.

ख़बरों के मुताबिक, घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थी. हादसे में घायल अखिलेश कडेरे के छोटे भाई सतेंद्र की शादी होने वाली थी. लगुन-फलदान 17 जून को आने वाला था. पूरा परिवार उसी की तैयारियों में जुटा हुआ था. सुबह चाय-नाश्ता बनाते समय ही घर के अंदर यह विस्फोट हुआ. 

जिसमें कार्तिक उम्र 6 साल- पिता अरविंद कडेरे, उसकी बहन भावना उम्र 7 साल और परी उम्र 4 साल- पिता नंदू कडेरे की जान चली गई. तो वहीं, अखिलेश कडेरे, विमला कडेरे, मीरा कडेरे और पूजा कडेरे गंभीर रूप से घायल हैं. जानकारी के मुताबिक, विस्फोट इतना तेज था कि घर की छत तक फट गई. 

अब पुलिस मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम की मदद से यह पता लगाने में जुट गई है कि आखिरकार ये विस्फोट किस वजह से हुआ. फ़िलहाल, प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि घरेलू सिलेंडर में आग लगने से हादसा हुआ.