मुरैना जिले के लेपा गांव में जमीन विवाद में 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इनमें एक पिता-पुत्र समेत 3 महिलाएं भी शामिल हैं। चार लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। जमीन को लेकर दोनों परिवारों में पुरानी रंजिश थी। गांव में तनाव का माहौल है, यहां पर पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सिहोनी थाना क्षेत्र के लेपा गांव में आज सुबह पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की की गई। दो परिवारों में पुरानी रंजिश के चलते झगड़ा हो गया। इसी दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों पर फायरिंग कर दी। अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई लोग घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार लेपा गांव में धीर सिंह और गजेंद्र सिंह के परिजनों के बीच विवाद हो गया। धीर सिंह के परिवार के दो सदस्यों की 2013 में हत्या कर दी गई थी। गजेंद्र सिंह के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया था। मामला कोर्ट में गया, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच समझौता हो गया। समझौता होने के बाद गजेंद्र सिंह पक्ष के लोग गांव पहुंचे थे।
आज सुबह धीरसिंह पक्ष के लोगों ने गजेंद्रसिंह पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। पहले तो दोनों पक्षों के लोगों के बीच लाठी-डंडे चले। इसके बाद धीर सिंह की तरफ से श्यामू व अजीत ने गजेंद्र सिंह व उसके परिवार पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गोली लगने से तीन लोगों की मौत हो गयी। जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में चार महिलाएं और एक पुरुष है।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस काफिला गांव पहुंचा। एएसपी रायसिंह नरवरिया ने बताया कि इस फायरिंग में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए थे। घायलों में से तीन लोगों की मौत हो गई है। हमले में चार महिलाएं भी हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।