Ladli Behna Yojana: शिवराज सरकार के लिए आज का दिन काफी ऐतिहासिक होने वाला हैं. आज यानी 10 जून शाम 6 बजे सिंगल क्लिक के माध्यम से मध्य प्रदेश सरकार महिलाओं के खाते में लाड़ली बहना योजना की पहली किस्त डालने जा रही है. इसके ज़रिये सभी लाभार्थी महिलाओं के खातों में एक-एक हजार रुपये पहुंच जाएंगे.
आज के इस दिन को यादगार बनाने के लिए सरकार के सभी मंत्रियों ने ट्विटर पर अपनी डीपी चेंज कर दी हैं. माना जा रहा है कि लाड़ली बहना योजना को प्रमोट करने के लिए मंत्रियों ने यह कदम उठाया हैं. हालांकि, जैसे ही डीपी चेंज की तो कुछ मंत्रियों का ‘ब्लू टिक’ तक हट गया. जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ऑफिस ट्विटर हैंडल भी शामिल है.
जानिए क्यों हटा ब्लू टिक?
अब आपके मन में भी एक सवाल तो ज़रूर आया होगा कि आख़िरकार ये क्यों हुआ? तो बता दें कि ट्विटर ने अपने नए नियमों के तहत ट्विटर की वेरिफिकेशन पॉलिसी में बदलाव किया है. जिसके तहत ‘ब्लू टिक’ के लिए अलग नियम बनाए गए हैं. इन नए नियमों के मुताबिक, ट्विटर पर प्रोफाइल फ़ोटो सही होना चाहिए. अगर ऐसा नहीं है तो वेरिफिकेशन में दिक्कत आ सकती है.
यही वजह रही कि मंत्रियों ने जैसे ही डीपी चेंज कर लाड़ली बहना योजना का logo लगाया तो ‘ब्लू टिक’ हट गया. ट्विटर ने डीपी चेंज करने पर जिन मंत्रियों का ‘ब्लू टिक’ हटाया है. उसमें ऑफिस ऑफ शिवराज सिंह चौहान, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया शामिल है.