राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा को बॉलीवुड का लगातार समर्थन मिल रहा है। बॉलीवुड एक्ट्रेस और फिल्ममेकर पूजा भट्ट, एक्टर सुशांत सिंह के बाद अब एक्ट्रेस रिया सेन भी इस यात्रा का हिस्सा बनी और राहुल गांधी के साथ इस यात्रा में कदमताल करती नज़र आईं।

आपको बता दें कि यात्रा वर्तमान में महाराष्ट्र में है, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना से होते हुए ये यात्रा इन दिनों महाराष्ट्र से गुजर रही है। महाराष्ट्र में आज 'भारत जोड़ो यात्रा' का 11वां दिन है। इस बीच राहुल गांधी के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता जुटते नजर आ रहे हैं।

कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' का आज 71वां दिन है। राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा अब तक 1550 किमी से अधिक की दूरी तय कर चुकी है। 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई यह यात्रा अब तक छह राज्यों के 28 जिलों से होकर गुजर चुकी है। महाराष्ट्र के बाद यह यात्रा मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब होते हुए जम्मू-कश्मीर पहुंचेगी।

गौरतलब है, कि इससे पहले बॉलीवुड अभिनेत्री और फिल्म निर्माता पूजा भट्ट बुधवार को हैदराबाद में राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल हुईं थीं। वे राहुल गांधी के साथ-साथ चलीं और कई मुद्दों पर चर्चा भी की थी। कांग्रेस की ओर से पूजा भट्ट और राहुल गांधी की एक फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई और लिखा गया कि- हर दिन एक नया इतिहास बन रहा है, देश में प्यार चाहने वालों की संख्या हर दिन बढ़ रही है। वहीं पिछले हफ्ते बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह ने भी कांग्रेस की 'भारत यात्रा में भाग लिया था। उन्होंने मंच से बीजेपी का नाम लिए बगैर कहा कि नफरत बहुत लोग फैला रहे हैं, लेकिन प्यार की राह कठिन है।