बम डिस्पोजल स्क्वाड ने दो बार पूरी ट्रेन की जांच की।
जीआरपी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के साथ उज्जैन पुलिस तथा बम डिस्पोजल स्क्वाड सक्रिय हो उठा। बीडीएस टीम ने करीब एक घंटे तक ट्रेन की गहराई से छानबीन की। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में भी लिया गया। हालांकि कोई भी अधिकारी इस संबंध में आधिकारिक रूप से कुछ भी बोलने से बच रहा है।
बुधवार देर रात करीब 11 बजकर 45 मिनट पर सूचना मिली कि बांद्रा गोरखपुर हमसफर एक्सप्रेस में बम रखा है। ट्रेन रोज रात 7 बजकर 55 मिनट पर उज्जैन आकर रात 8 बजे यहां रवाना भी हो जाती। पर बुधवार रात को ट्रेन करीब 11 बजकर 55 मिनट पर उज्जैन स्टेशन पर आई थी। जीआरपी ने बताया कि हमसफर एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंची थी।
बम की सूचना मिलते ही आरपीएफ, उज्जैन पुलिस, जीआरपी तथा बीडीएस टीम प्लेटफार्म पर पहुंची। टीम ने पूरी ट्रेन की दो बार जांच की। करीब एक घंटे की जांच के बाद ही ट्रेन को उज्जैन स्टेशन से रवाना किया गया। इस दौरान प्लेटफार्म नंबर चार पर आने वाली शांति एक्सप्रेस को प्लेटफार्म नंबर छह से रवाना किया गया। सोमनाथ एक्सप्रेस को भी प्लेटफार्म नंबर छह से रवाना किया गया।