भोपाल: प्रसिध्द धार्मिक स्थल चित्रकूट का आधा हिस्सा उप्र में और आधा हिस्सा मप्र में आता है। यहां दोनों राज्यों के अलावा दूरदराज से श्रृध्दालु आते हैं। वर्तमान में दोनों राज्य अपनी बार्डर पर चेकपोस्ट लगाकर यात्री बसों से टैक्स वसूलते हैं। लेकिन अब इस टैक्स को दोनों राज्य फ्री करने जा रहे हैं।
मप्र एवं उप्र दोनों राज्यों के बीच पारस्परिक परिवहन अनुबंध है जिसके तहत दोनों राज्यों के यात्री वाहन एक-दूसरे के राज्यों में जाते हैं। चूंकि चित्रकूट बिल्कुल बार्डर पर है और यह प्रसिध्द धार्मिक स्थल है, इसलिये यहां आने वाले यात्री वाहनों को टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया गया है। मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पहल कर परिवहन विभाग को इसका प्रस्ताव तैयार कर केबिनेट में भेजने के लिये कहा है।
ऐसा ही प्रस्ताव उप्र सरकार भी तैयार कर रही है। दोनों राज्यों की सहमति होने पर चित्रकूट आने वाली दोनों राज्यों की यात्री बसें टैक्स फ्री हो जायेंगी। टैक्स में यह छूट दोनों राज्यों के अंदर 10 किमी की परिधि में दी जायेगी।