Budget 2024 Live: नई संसद भवन में आज यानी गुरुवार (1 फरवरी) को आगामी लोकसभा चुनाव से पहले मोदी सरकार 2.0 का आखिरी बजट पेश किया जा रहा है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपने कार्यकाल का छठा बजट पेश कर रही हैं. ये अंतरिम बजट होगा, लेकिन आम जनता को इस मिनी बजट में भी सरकार की तरफ से कई बड़े ऐलान होने की उम्मीद है.
इस बजट में अर्थव्यवस्था, किसानों, महिलाओं और युवाओं को बड़ा तोहफा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. सुबह 11 बजे से बजट भाषण शुरू हो गया और देश का पूरा वित्तीय लेखा-जोखा जनता के सामने रखा जा रहा है. इससे एक दिन पहले 31 जनवरी को संसद में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का अभिभाषण हुआ था. इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया था. बजट 2024 से जुड़ी पल-पल की सभी अपडेट्स के लिए आगे हमारे साथ बने रहें.
वित्त मंत्री ने पेश किया अंतरिम बजट-
देखें लाइव:
2047 तक भारत को बनाएंगे विकसित देश-
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में अंतरिम बजट पेश कर रही हैं. इस बजट में तीन-महीने तक खर्च होने वाली राशि का लेखा-जोखा है. पूर्ण बजट लोकसभा चुनाव के बाद आएगा. वित्त मंत्री ने बजट भाषण पढ़ना शुरू कर दिया है. उन्होंने कहा कि देश की जनता भविष्य की तरफ देख रही हैं. वे आशान्वित हैं. पीएम मोदी के नेतृत्व में हम आगे बढ़ रहे हैं. 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा. हम लोगों को सशक्त बनाने का काम कर रहे हैं. हमने भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को खत्म किया है.
वित्त मंत्री ने कहा कि जब पीएम मोदी ने 2014 में काम शुरू किया तब बहुत ज्यादा चुनौतियां थीं. जनता के हित में काम शुरू किए हैं. जनता को ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर दिए हैं. देश में नया उद्देश्य और उम्मीद जगी है. जनता ने हमें दूसरी बार सरकार में चुना. हमने व्यापक विकास की बात की. सबका साथ, सबका विश्वास और सबके प्रयास के मंत्र से आगे बढ़े.
मोदी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई-
निर्मला सीतारमण ने आगे कहा कि 25 करोड़ लोगों को बहुआयामी गरीबी से बाहर निकालने में मोदी सरकार को सफलता मिली है. केंद्र सरकार का समावेशी विकास पर फोकस है और गरीब, महिला, युवा, किसान के सशक्तिकरण पर जोर है. 4 करोड़ किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिया गया है और पीएम स्वनिधि योजना के तहत 78 लाख वेंडर्स को मदद की गई है. 34 लाख करोड़ रुपये जनधन के जरिए सीधे पैसा ट्रांसफर किया जा चुका है.
उन्होंने बताया कि करीब 11.8 करोड़ किसानों को सरकारी मदद दी गई है और पीएम किसान सम्मान निधि स्कीम के जरिए करोड़ों किसानों को कैश रकम सीधा ट्रांसफर की जा रही है. इस योजना से देश का अन्नदाता लाभ उठा रहा है और पीएम फसल योजना का लाभ 4 करोड़ किसानों को दिया जा रहा है. हमने 300 यूनिवर्सिटी की स्थापना की है और एक तिहाई महिलाओं को आरक्षण मुहैया कराया है.
भारतीय अर्थव्यवस्था में आया अभूतपूर्व परिवर्तन-
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि विकास कार्यक्रमों ने सभी के लिए आवास, हर घर जल, सभी के लिए बिजली, सभी के लिए रसोई गैस और रिकॉर्ड समय में सभी के लिए बैंक खाते और वित्तीय सेवाओं के माध्यम से प्रत्येक घर और व्यक्ति को लक्षित किया गया है. हमारी सरकार सर्वांगीण, सर्वसमावेशी और सर्वव्यापी विकास की दिशा में काम कर रही है.
उन्होंने बताया कि हमारे युवा देश की आकांक्षाएं ऊंची हैं, वर्तमान पर गर्व और उज्ज्वल भविष्य के प्रति आशा और विश्वास है. पिछले 10 सालों में भारतीय अर्थव्यवस्था में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है. साल 2014 में देश भारी चुनौतियों का सामना कर रहा था. केंद्र ने उन चुनौतियों पर काबू पाया और संरचनात्मक सुधार किए, जन हितैषी सुधार किए गए हैं.