Budget Session 2024: संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है. यह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी बजट सत्र है. ये बजट सत्र बुधवार 31 जनवरी से शुरू होकर 9 फरवरी तक चलेगा. सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के बाहर बयान दिया. उसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दोनों सदनों को संबोधित किया. अब जल्द ही बीजेपी सरकार संसद में इकोनॉमिक सर्वे की रिपोर्ट पेश करेगी.
पीएम मोदी का विपक्ष पर वार-
बजट सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को संबोधित किया. उन्होंने इस दौरान कहा कि इस नए संसद भवन में जो पहला सत्र हुआ था, उसके आखिर में इस संसद ने एक बहुत ही गरिमापूर्ण फैसला लिया था. वो फैसला 'नारीशक्ति वंदन अधिनियम' था. 26 जनवरी को भी हमने देखा कि किस प्रकार देश ने कर्तव्य पथ पर नारीशक्ति के शौर्य, सामर्थ्य और नारीशक्ति के संकल्प की शक्ति का अनुभव किया.
उन्होंने आगे कहा कि आज बजट सत्र के आरंभ होने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी का मार्गदर्शन और कल निर्मला सीतारमण द्वारा अंतरिम बजट प्रस्तुत किया जाएगा. ये एक प्रकार से नारीशक्ति के साक्षात्कार का पर्व है. गत 10 वर्षों में जिसको जो रास्ता सूझा, उस प्रकार से सबने संसद में अपना-अपना कार्य किया.
लेकिन, मैं इतना जरूर कहूंगा कि जिनका आदतन हुड़दंग करने का स्वभाव बन गया है, जो आदतन लोकतांत्रिक मूल्यों का चीरहरण करते हैं, ऐसे सभी मान्य सांसद आज जब आखिरी सत्र में मिल रहे हैं तो ये जरूर आत्मनिरीक्षण करेंगे कि 10 साल में उन्होंने जो किया, वो उनके संसदीय क्षेत्र में भी किसी को याद नहीं होगा कि उन्होंने इतना हुड़दंग मचाया.
लोकसभा चुनाव का भी किया जिक्र-
पीएम मोदी ने बताया कि जिन्होंने उत्तम विचारों से सदन को लाभान्वित किया होगा, उनको बहुत बड़ा वर्ग आज भी याद करता होगा. आने वाले दिनों में भी जब सदन की चर्चाएं कोई देखेगा, तो उनका एक-एक शब्द इतिहास की तवारीख बनकर उजागर होगा. आप जानते ही हैं कि जब चुनाव का समय निकट होता है, तब आमतौर पर पूर्ण बजट नहीं रखा जाता है. हम भी उसी परंपरा का निर्वाह करते हुए पूर्ण बजट नई सरकार बनने के बाद आपके समक्ष लेकर आएंगे.
उन्होंने कहा कि इस बार कुछ दिशानिर्देश की बातें लेकर देश की वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण जी हम सबके सामने कल अपना बजट पेश करने वाली हैं. देश नित्य प्रगति की नई-नई ऊंचाइयों को पार करते हुए आगे बढ़ रहा है, सर्व स्पर्शी विकास हो रहा है, सर्वांगीण विकास हो रहा है, सर्व समावेशी विकास हो रहा है. ये यात्रा जनता जनार्दन के आशीर्वाद से निरंतर चलती रहेगी.
देंखें लाइव: