एलन मस्क द्वारा ट्विटर के कर्मचारियों को दिए गए 'अल्टीमेटम' के बाद कंपनी का संकट गहरा गया है। सैकड़ों कर्मचारियों ने कंपनी को छोड़ने का फैसला लेते हुए इस्तीफा दे दिया है। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि ट्विटर ने अपने कार्यालयों को बंद कर दिया है। ट्विटर पर सुबह से #RIPTwitter ट्रेंड कर रहा है। 

ताज़े गतिरोध की शुरुआत एलन मस्क के कर्मचारियों को दिए गए 'अल्टीमेटम' से हुई। 'अल्टीमेटम' में कहा गया कि कर्मचारी या तो कंपनी के नए 'हार्डकोर वर्क' वातावरण को अपनाएं और या फिर कंपनी छोड़ दें।  ऐसे में सैकड़ों कर्मचारियों ने कंपनी को छोड़ने का फैसला लिया और इस्तीफा दे दिया। 

इस्तीफों के बाद अब ट्विटर के लिए परेशानियां बढ़ गई हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इस्तीफों के बाद अब ट्विटर ने सोमवार तक अपने कार्यालय बंद कर दिए। मीडिया आउटलेट के मुताबिक, कंपनी के एक मेमो में कहा गया, "कृपया सोशल मीडिया, प्रेस या अन्य जगहों पर गोपनीय जानकारी पर चर्चा करने से परहेज करके कंपनी की नीति का पालन करना जारी रखें। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलन मस्क ने अपनी समय सीमा से पहले अंतिम घंटों में लोगों को रहने के लिए मनाने की कोशिश की थी। एक्सपर्ट के मुताबिक सोशल नेटवर्क के भविष्य पर चर्चा करने के लिए गुरुवार की शाम की समय सीमा समाप्त होने पर प्रमुख कर्मचारियों को बैठकों में लाया गया लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ।