हिमाचल प्रदेश की 68 सीटों के लिए शनिवार को वोटिंग हो चुकी है. वैसे तो बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला रहता है, लेकिन इस बार चुनावी मैदान में आम आदमी पार्टी ने इसे त्रिकोणीय बना दिया. पहाड़ी राज्य होने के बावजूद भी हिमाचल का मतदान प्रतिशत कई राज्यों से बेहतर रहा हैं.
इस बार विधानसभा चुनाव 2022 की वोटिंग प्रक्रिया में करीब 75 फीसदी वोटिंग हुई. हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में भारी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया. हालांकि, बैलेट पेपर के जरिए डाले गए वोटों की गिनती अभी बाकी है. माना जा रहा है कि वोट प्रतिशत 77 फीसदी तक पहुंच सकता है.
दून विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 85.2 प्रतिशत वोटिंग हुई, जबकि शिमला अर्बन में सबसे कम 62.53 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई. वोटिंग के मामले में सिरमौर जिला सबसे ऊपर है, जहां 78.00 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया और कांगड़ा जिले में सबसे कम 71.05 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई हैं. बता दें कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 में 75.57 प्रतिशत वोटिंग रिकॉर्ड दर्ज किया गया था.
इस बार 12 नवंबर को हुई वोटिंग के दौरान तरह-तरह की तस्वीरें सामने आईं. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वोटिंग केंद्रों तक पहुंचने के लिए लोग बर्फ से ढकी सड़कों को पार करते नजर आये थे. कड़ाके की ठंड के बीच सुबह वोटिंग काफ़ी धीमा हुई, लेकिन धूप निकलते ही लोग घरों से निकलना शुरू हो गए थे. इस बार लोगों में वोटिंग के लिए काफ़ी उत्साह भी नजर आ रहा था.