महाराष्ट्र में नासिक-अहमदनगर हाईवे पर शुक्रवार की सुबह एक निजी बस और ट्रक की आमने-सामने  से टक्कर हो गई। इस टक्कर में करीब 10 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। मुंबई से सटे उल्हासनगर से कई भक्त शिरडी साईं बाबा के दर्शन के लिए निकले थे लेकिन उनको क्या पता था, कि ये उनकी अंतिम यात्रा होने वाली है।

ये सभी लोग एक लग्जरी बस में सवार होकर सांई बाबा के दर्शनों के लिए जा रहे थे। जानकारी के अनुसार निजी बस में 50 यात्री सवार थे। लेकिन सिन्नर-शिरडी हाईवे पर पाथेर गांव के पास बस की एक ट्रक से टक्कर हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना मुंबई से करीब 180 किलोमीटर दूर नासिक की सिन्नर तहसील में पठारे शिवर के पास सुबह करीब सात बजे हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में सात महिलाएं, दो बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं। हादसे में घायल लोगों को सिन्नर ग्रामीण अस्पताल और यशवंत अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने कहा कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़ने की भी आशंका है।