मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाला रिलायंस रिटेल वेंचर्स रिलायंस ब्रांड्स बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट के चाइल्ड वियर ब्रांड एड-ए-मम्मा को खरीदने की कोशिश में है। इस डील को लेकर दोनों पक्ष में बातचीत भी शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह डील करीब 300-350 करोड़ रुपए में हो सकती है। रिलायंस और आलिया भट्ट के ब्रांड एड-ए-मम्मा के बीच बातचीत अब संभवतः अंतिम चरण में है और अगले कुछ ही दिनों में यह डील फाइनल हो सकती है।

ऑनलाइन बाजार में है पकड़

यहां उल्लेखनीय होगा कि हाल के कुछ महीनों में अंबानी समूह ने कई ऐसे ब्रांड खरीदे हैं जो उनके कारोबार का पहले कभी हिस्सा नहीं थे। समूह की यह कोशिश रिटेल बाजार में अपनी पैठ को आलिया के बाँड के इस अधिग्रहण से मजबूत करना भी मानी जा रही है। रिलायंस की बच्चों के कपड़ों के वर्ग में पकड़ मजबूत हो जाएगी। एड-ए-मम्मा ब्रांड की वैल्यू करीब 150 करोड़ रुपए आंकी जा रही है और यह मुख्य तौर पर ऑनलाइन ही कपड़ों की बिक्री करता है। 

इस ब्रांड की शुरुआत साल 2020 में की गई थी और बाद में इस ब्रांड ने अपने उत्पादों की वैरायटी में इजाफा करते हुए टीनएज और गर्भवती महिलाओं के लिए भी कपड़े बेचने की शुरुआत की। बताया जाता है कि आलिया के ब्रांड ए मम्मा फिलहाल ई- कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसे मिंत्रा, एजियो, फर्स्टक्राई, अमेजन, टाटा सिलिक पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। साथ ही इस ब्रांड के अपने वेबस्टोर भी हैं। लाइफस्टाइल, शॉपर्स स्टॉप जैसे ब्रांड्स के शोरूम पर भी एड ए मम्मा ब्रांड के कपड़े उपलब्ध होते हैं।