अमेरिका की मास मीडिया कंपनी वॉल्ट डिज्नी की मुकेश अंबानी के रिलायंस ग्रुप के साथ मल्टी बिलियन डॉलर डील जल्द ही फाइनल हो सकती है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म डिज्नी इस डील में भारत में अपने टेलीविजन और स्ट्रीमिंग बिजनेस एसेट्स को रिलायंस को बेचेगी।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले महीने अंबानी के अलावा डिज्नी की गौतम अडाणी, सन टीवी के मालिक कलानिधि मारन और कुछ प्राइवेट इक्विटी फर्म से भी इस मल्टी बिलियन डॉलर एंटरटेनमेंट डील के लिए बातचीत चल रही थी। हालांकि, अब यहडील मुकेश अंबानी के हाथ लगने वाली है। इस डील के साथ ही मुकेश अंबानी की कंपनी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में टॉप लीडर बनकर उभरेगी।

इस मामले से जुड़े लोगों ने ब्लूमबर्ग को बताया कि इस डील के बाद रिलायंस को डिज्नी स्टार बिजनेस में कंट्रोलिंग स्टेक्स मिल जाएंगे, जिसकी एस्टिमेटेड वैल्यूएशन 10 बिलियन डॉलर यानी 83,163 करोड़ रुपए है। डिज्नी की इस बिजनेस में फिर माइनॉरिटी स्टेक्स यानी मामूली हिस्सेदारी रह जाएगी। रिलायंस का मानना है कि यह एसेट्स 7 बिलियन डॉलर से 8 बिलियन डॉलर के बीच की वैल्यू के हैं। दोनों कंपनियों द्वारा अगले महीने इस अधिग्रहण की घोषणा किए जाने की उम्मीद है।