टाटा ग्रुप जल्द ही टाटा प्ले में टेमासेक की हिस्सेदारी को खरीद सकती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, टाटा प्ले में लगभग 20 फीसदी हिस्सेदारी बायबैक यानी वापस खरीदने के लिए टाटा ग्रुप की टेमासेक होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ बातचीत चल रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, एंटरटेनमेंट कटेंट डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म टाटा प्ले में हिस्सेदारी खरीदने के लिए टेमासेक और टाटा ग्रुप के बीच यह डील लगभग एक बिलियन डॉलर यानी 8,325 करोड़ रुपए से ज्यादा की वैल्यूएशन में हो सकती है। इस डील के बाद टाटा प्ले में टाटा ग्रुप की हिस्सेदारी और ज्यादा बढ़ जाएगी। टेमासेक ने साल 2007 में टाटा प्ले की 20 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी।

टाटा प्ले 2001 में इनकॉरपोरेट हुआ था और सर्विसेज 2006 से शुरू की थी। तब इसका नाम टाटा स्काई था, जिसे बाद में बदलकर टाटा प्ले कर दिया गया था। टाटा ग्रुप, टेमासेक की टाटा प्ले में इसी हिस्सेदारी को वापस खरीदने के लिए कई महीनों से कोशिश कर रहा है। सूत्रों केअनुसार, टाटा प्ले लिमिटेड में लगभग 20व हिस्सेदारी खरीदने के लिए टाटा ग्रुप और सिंगापुर की स्टेट इन्वेस्टर के बीच बातचीत फाइनल स्टेज में है। हालांकि, टेमासेक और टाटा प्ले इस डील के साथ ही आगे बढ़ेंगे, अभी इस बात की कोई गारंटी नहीं है।

टाटा प्ले, टाटा ग्रुप और वॉल्ट डिज्नी कंपनी के ट्वेंटी फर्स्ट सेंचुरी फॉक्स के बीच एक जॉइंट वेंचर है। पे- टेलीविजन और अपने ऐप के माध्यम से ओवर-द-टॉप वीडियो स्ट्रीमिंग यानी ओटीटी सर्विसेज प्रोवाइड करती है।