ताइवान की फॉक्सकॉन ने बेंगलुरु के फॉक्सकॉन प्रिसिजन इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड में करीब 55.29 मिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश किया है। फॉक्सकॉन ने यह निवेश सिंगापुर स्थित अपनी सहायक कंपनी फॉक्सकॉन सिंगापुर पीटीई लिमिटेड के माध्यम से किया है। फॉक्सकॉन सिंगापुर ने 10 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से लगभग 46,08,76,736 शेयर खरीदे हैं, जिसकी कीमत लगभग 55.29 मिलियन अमेरिकी डॉलर (460.87 करोड़ रुपये) है।
वहीं जियो इन्फोकॉम मुंबई, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के साथ मिलकर भारत-जीपीटी कार्यक्रम लाने पर काम कर रही है। हालांकि, अभी जेनरेटिव एआई एवं विशाल भाषाई मॉडलों के साथ शुरुआती काम ही हुआ है। रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन आकाश अंबानी ने आईआईटी के सालाना कार्यक्रम में कहा, रिलायंस जियो टेलीविजन के लिए एक ऑपरेटिंग सिस्टम भी लाने की योजना बना रही है। कंपनी के लिए विकास का इकोसिस्टम तैयार करना बहुत महत्वपूर्ण है।
इधर,आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ व आईसीआईसीआई लोंबार्ड जनरल को 276 करोड़ रुपये का जीएसटी नोटिस मिला है। दोनों कंपनियों ने शेयर बाजार को इसकी सूचना दी है। प्रूडेंशियल को 269.86 करोड़ और लोंबार्ड को 5.66 करोड़ का नोटिस मिला है। म्यूचुअल फंड और डीमैट में नॉमिनी अब जून तक सेबी ने म्यूचुअल फंड और डीमैट खातों में नॉमिनी को जोड़ने या नहीं जोड़ने की तारीख अगले साल 30 जून तक बढ़ा दी है। इससे पहले इसकी अंतिम तारीख 31 दिसंबर थी। सेबी ने बुधवार को कहा, बाजार भागीदारों से मिली सलाह के बाद उसने इसे बढ़ाने का निर्णय लिया है।