रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारकों ने कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में ईशा अंबानी, आकाश अंबानी और अनंत अंबानी की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को एक नियामक फाइलिंग में कहा, भारी बहुमत के साथ, रिलायंस इंडस्ट्रीज के बोर्ड ने तीनों भाई-बहनों को गैर-कार्यकारी निदेशकों के रूप में नियुक्त करने का प्रस्ताव पारित कर दिया है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि प्रस्ताव 26 अक्टूबर, 2023 को बहुमत से पारित किया गया था। ईशा अंबानी को कुल 98.21 फीसदी वोट, आकाश अंबानी को 98.06 फीसदी वोट और अनंत अंबानी को कुल 92.67 फीसदी वोट मिले।
28 अगस्त, 2028 को रिलायंस इंडस्ट्रीज की एजीएम में कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने घोषणा की कि ईशा, आकाश, अनंत अंबानी को रिलायंस इंडस्ट्रीज बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में शामिल किया जाएगा। कंपनी के बोर्ड ने पहले ही इन तीनों को बोर्ड में शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी। लेकिन शेयरधारकों से मंजूरी का इंतजार था। अब रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारकों ने भी तीनों भाई-बहनों को बोर्ड में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। वहीं नीता अंबानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है।
ईशा अंबानी, आकाश अंबानी और अनंत अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज के अलग-अलग बिजनेस संभाल रहे हैं। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक बनाए जाने के अलावा ईशा अंबानी रिलायंस रिटेल भी संभाल रही हैं। आकाश अंबानी रिलायंस जियो इन्फोकॉम के टेलीकॉम और डिजिटल कारोबार, जबकि अनंत अंबानी पर एनर्जी कारोबार की जिम्मेदारी है।
अगस्त में एजीएम को संबोधित करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा था कि वह रिलायंस के नेतृत्व की अगली पीढ़ी को तैयार करेंगे। उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता आकाश, ईशा और अनंत का मार्गदर्शन है। ताकि वे सामूहिक नेतृत्व प्रदान कर सकें और आने वाले दशकों में रिलायंस समूह को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा सकें।