स्पाइसजेट कैश की तंगी से जूझ रहे हैं। इससे एयरलाइन के ऑपरशन भी प्रभावित हुए हैं। स्पाइसजेट के बोर्ड ने 2,254 करोड़ रुपए पूंजी जुटाने की मंजूरी दे दी। ये पूंजी वित्तीय संस्थानों और प्राइवेट इन्वेस्टर्स को शेयर और वारंट जारी कर जुटाई जाएगी। बजट कैरियर को वर्तमान में नकदी की तत्काल आवश्यकता है क्योंकि यह बकाया पेमेंट न करने पर कई कानूनी मामलों का सामना कर रहा है। 

प्रपोजल के अनुसार, स्पाइसजेट 13 करोड़ कन्वर्टिबल वारंट और 32.08 करोड़ फ्रेश इक्विटी शेयर 50 रुपए प्रति यूनिट पर जारी करेगी। प्रपोज्ड प्रिफरेंसियल इश्यू में एलारा इंडिया अपॉर्चुनिटीज फंड, एरीज अपॉर्चुनिटीज फंड, महापात्रा यूनिवर्सल लिमिटेड, नेक्सस ग्लोबल फंड, प्रभुदास लीलाधर और रेजोनेंस अपॉर्चुनिटीज फंड जैसे निवेशक होंगे। खबर के बाद स्पाइसजेट का शेयर करीब 4.18 फीसदी टूटकर 58.04 रुपए पर बंद हुआ। 

कारोबार के दौरान इसने 55.30 रुपए का लो और 63.49 रुपए का हाई बनाया। बीते 5 दिनों में शेयर करीब 40 फीसदी चढ़ा है। स्पाइसजेट का मार्केट कैप 4,000 करोड़ रुपए है। अजय सिंह के नेतृत्व में प्रमोटरों के पास कंपनी में 56.5 फीसदी हिस्सेदारी है। इसमें से 37.9 फीसदी हिस्सेदारी गिरवी है। स्पाइसजेट के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अजय सिंह ने कहा, यह एक महत्वपूर्ण फंड रेज है और इसे स्पाइसजेट की वित्तीय स्थिति मजबूत करने, ऑपरेशनल क्षमताओं को बढ़ाने, बकाया को निपटाने के लिए किया जाएगा।