आईटी कंपनी विप्रो ने फाइनेंशियल ईयर 2024 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 11.95 प्रतिशत बढ़कर 2870 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले कंपनी को 2563 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट हुआ था। हालांकि, तिमाही आधार पर कंपनी के नेट प्रॉफिट में 6.6% की गिरावट आई है। सालाना आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 6 प्रतिशत बढ़कर 22,831 करोड़ रुपए रहा।

पिछले फाइनेंशियल ईयर की इसी अवधि में ये 21,528 करोड़ रुपए रहा था। वहीं, कंपनी का रेवेन्यू 23,190 करोड़ रुपए है। विप्रो के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर थिएरी डेलपोर्ट ने कहा, कंपनी के पहली तिमाही के नतीजे बड़ी डील बुकिंग, स्ट्रांग कस्टमर ग्रोथ व लचीले मार्जिन की मजबूत रीढ़ पर आए हैं। ग्राहकों के खर्चों में कमी के बावजूद बिजनेस स्पीड बनाए रखी। स्ट्रांग डिलीवरी, इनोवेशन और एक्सटेंडेड सर्विस के साथ कस्टमर्स का भरोसा जीता है।