महाराष्ट्र सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार कल हो सकता है। विस्तार के दौरान कुल 14 मंत्री शपथ ले सकते हैं। जिसमें बीजेपी से सुधीर मुनगंटीवार, चंद्रकांत पाटिल, गिरीश महाजन को मौका दिया जाएगा। महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन के बाद शिंदे सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है।
महाराष्ट्र: शिंदे सरकार कल करेगी कैबिनेट विस्तार, 14 मंत्री लेंगे शपथ#MaharashtraPolitics (@gauravcsawant) pic.twitter.com/hcSdwr0EIk
— AajTak (@aajtak) August 8, 2022
खबर है कि शिंदे कैबिनेट के कई मंत्री मंगलवार को शपथ ले सकते है। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन सुबह 11 बजे शुरू होगा। इस नई सरकार में कुल 14 मंत्री शपथ ले सकते हैं। मंत्रियों को लेकर अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन सामने आ रही जानकारी के मुताबिक बीजेपी को कई अहम मंत्रालय मिल सकते हैं।
इस बार बीजेपी खेमे से सुधीर मुनगंटीवार, चंद्रकांत पाटिल, गिरीश महाजन को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है, जबकि शिंदे खेमे से गुलाब राव पाटिल, सदा सावरकर, दीपक केसरकर को मौका दिया जा सकता है। यह भी कहा जा रहा है कि गृह विभाग डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को दिया जायेगा। कैबिनेट का यह विस्तार शिंदे सरकार और बीजेपी के लिए काफी अहम साबित होगा। मंत्रियों का चयन आगामी चुनाव और तमाम राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।
क्यों हुई कैबिनेट विस्तार में देरी?
बागी विधायकों की सदस्यता पर अभी तक सुप्रीम कोर्ट की तरफ़ से कोई फैसला नहीं आया है, इसलिए इस कैबिनेट के विस्तार में देरी हो रही है। लेकिन अब जब उन्हें सत्ता में आए 35 दिन से ज्यादा हो गए हैं तो कैबिनेट की शपथ लेना जरूरी हो गया हैं। कहा जा रहा है कि यह औपचारिकता कल पूरी हो सकती है। देवेंद्र फडणवीस ने सीएम शिंदे से मुलाकात की है। दिल्ली में भी बड़े नेताओं के मिलने का सिलसिला थम गया है। ऐसे में लगता है कि नए कैबिनेट विस्तार को लेकर सब कुछ फाइनल हो गया है, कल उनका शपथ ग्रहण होने की संभावना है।
कैबिनेट विस्तार पर सीएम शिंदे ने हाल ही में बड़ा बयान दिया था। शनिवार को शिंदे ने कहा था कि मंत्रिपरिषद के विस्तार में देरी से राज्य सरकार का काम किसी भी तरह से प्रभावित नहीं हुआ है। लेकिन जल्द ही नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा।